लखीमपुर खीरी। पुलिस अधीक्षक जीआरपी लखनऊ अनुभाग के रोहित मिश्रा ने थाना जीआरपी लखीमपुर का औचक निरीक्षण कर रेलपथ की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने रेलवे ट्रैक की नियमित निगरानी करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने रेलवे स्टेशन लखीमपुर के थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, मेस, बैरक, यात्री प्रतीक्षालय, प्रवेश व निकास द्वार तथा प्लेटफॉर्म देखा। उन्होंने मालखाना रजिस्टर, एस्कॉर्ट चेकिंग रजिस्टर, हिस्ट्रीशीट, नियुक्ति रजिस्टर और अपराध रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों का अवलोकन कर उन्हें व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने ट्रेनों और प्लेटफॉर्मों पर चोरी व झपटमारी की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई करने और लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए कहा। साथ ही महिला हेल्प डेस्क की समीक्षा कर महिला पुलिसकर्मियों को फरियादियों से अच्छा व्यवहार करने और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक रामसहाय सिंह समेत पुलिस बल मौजूद रहा। संवाद