लखीमपुर खीरी। जिले में यूपी दिवस पर राजापुर आईटीआई परिसर में 24, 25 व 26 जनवरी को विभिन्न कार्यक्रम होंगे। प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
तीन दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा करेंगे। पहले दिन 24 जनवरी को मिशन शक्ति पर महिलाओं से संबंधित कार्यक्रम होंगे। आयुष्मान गोल्डन कार्ड, राशन कार्ड सहित महिलाओं से संबंधित योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
दूसरे दिन 25 जनवरी को पोषण पोटली अन्नप्राशन सहित कई कार्यक्रम होंगे। आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत गर्भवती महिलाओं व बच्चों के लिए भी कई कार्यक्रम कराए जाने हैं। खेलकूद प्रतियोगिताएं भी होंगी।
26 जनवरी को अंतिम दिन का कार्यक्रम समृद्ध किसान पर केंद्रित रहेगा। इसमें कृषि, उद्यान, सहकारिता, मछली आदि किसानों से संबंधित कार्यक्रम होंगे। जिला उद्योग केंद्र, राष्ट्रीय ग्रामीण अजीविका मिशन के लाभार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। डीआरडीए के परियोजना निदेशक सोभनाथ चौरसिया ने बताया कि तीनों दिन सभी विभागों के स्टाल लगेंगे। साथ ही प्रदर्शनी भी लगेगी।