फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छोटी काशी में उमड़ा आस्था का सैलाब

Mon, 24 Aug 2015 07:43 PM IST
गोला गोकर्णनाथ।
विज्ञापन
विज्ञापन
छोटी काशी में सावन के अंतिम सोमवार को ऐतिहासिक बाबा भूतनाथ मेले में रविवार रात से शिव मंदिर पर लाखों श्रद्धालु उमड़ पड़े। उनके जयघोष से भोले की नगरी गुंजायमान होती रही। सड़कों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुरक्षाकर्मियों को भीड़ नियंत्रित कर लाइन बनवाने में पसीना छूट गया।
विज्ञापन

प्राचीन गोकर्णनाथ चंद्रभाल महादेव मंदिर के द्वार रविवार रात शृंगार पूजा के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। भगवान की आरती के बाद श्रद्धालुओं का रेला शिवजी के दर्शन के लिए मंदिर में घुस गया तो सुरक्षाकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद लाइन बनवाई। श्रद्धालुओं की लाइन शिव मंदिर से एक किमी दूर अलीगंज मार्ग सदर चौराहा होती हुई लखीमपुर मार्ग पर पब्लिक इंटर कॉलेज के सामने तक लगी रही।
--
कांवड़ियों को अलग से दर्शन कराने की व्यवस्था रही अस्त-व्यस्त
श्रद्धालुओं की काफी भीड़ के कारण कांवड़ियों को अलग से शिव दर्शन कराने की व्यवस्था अस्त व्यस्त रही, इस कारण गंगा घाट से पैदल चलकर बांस की रंग-बिरंगी कांवड़ में गंगाजल लेकर आए कांवड़ियों को भी सुरक्षाकर्मियों ने लाइन में लगा दिया, जिससे उन्हें काफी परेशानी हुई। शाहजहांपुर जिले के पुवायां कसबे के किशोर, चंद्रकुमार, गुड्डन, श्रीपाल, कांवड़िया दल के साथ पहली बार फर्रुखाबाद के गंगाघाट से खड़ेश्वरी कांवड़ लेकर आए थे। उन्होंने बताया कि थके मांदे होने के बावजूद भी पुलिस वालों ने उन्हें लाइन में लगा दिया।
विज्ञापन

शिवजी के भक्त गंगाजल, फूल, बेलपत्र, भोग लिए शाम दो बजे तक तपती धूप और वर्षा की फुहारों में लाइन में खड़े रहे। व्यापारी लाइन में खड़े श्रद्धालुओं को फलाहार कराकर पानी पिलाते रहे।

लेटकर भी आए श्रद्धालु
गोला  गोकर्णनाथ। शारदा नगर के श्रद्धालु श्यामनरायन ओर फूलचंद ने भोलेनाथ के दर्शन लेटकर करने की ठानी थी। वे गोला लखीमपुर मार्ग स्थित कोटवारा रेलवे क्रॉसिंग से लेटकर आए थे। वह भारी भीड़ के वावजूद लेटकर शिव मंदिर पहुंचे, और जलाभिषेक किया।

भूतनाथ कुएं पर भी रही भीड़
गोला  गोकर्णनाथ। प्राचीन भूतनाथ मंदिर और कुएं पर भक्तों की काफी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने मंदिर और कुएं में गिट्टी फेंक कर हू हू की आवाजें निकालीं। मंदिर पर गेरू से अपनी कामनाएं लिखीं। आसपास लगी पतावर में कामना लेकर गांठ बांधी और पूजन अर्चन किया। रविवार की रात्रि से लेकर सोमवार को पूरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ भूतनाथ स्थल पर डटी रही।

भूतनाथ मेले में श्रद्धालुओं ने की खरीदारी
गोला  गोकर्णनाथ। ऐतिहासिक भूतनाथ स्थल पर लगे मेले में श्रद्धालुओं ने खूब खरीदारी की। मेेले में लहरपुर से बिकने आए नारियल के खोल के बने हुक्के विशेष आकर्षण का केंद्र थे। व्यापारी सखावत खां ने बताया कि वह बचपन से ही अपने पिता वाजिद अली के साथ मेले में आते रहे हैं। पिता वाजिद अली भी अपने पिता मकदूम के साथ हुक्का बेचने आते थे। अब धीरे-धीरे हुक्कों का चलन खत्म हो रहा है। मेले में हरछठ, ऋषिपंचमी में खाने वाला पिन्नी पसाई का चावल खूब बिका। लहरपुर की लकड़ी के सामान की दर्जनों दुकानें मेले में लगी थीं। मेले में रोटरी क्लब छोटी काशी ने चिकित्सा शिविर लगाया था, शिविर में लोगों ने मुफ्त दवाइयां प्राप्त कीं।

शौचालय पर लगा रहा ताला
गोला  गोकर्णनाथ। प्राचीन शिव मंदिर के समीप बरेली धर्मशाला के स्थान पर नगर पालिका परिषद द्वारा दो मंजिला शौचालय बनवाया गया जिसमें भूतनाथ मेेला होने पर भी ताला बंद रहा। जिससे श्रद्धालुओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

हर तरफ भंडारे ही भंडारे
गोला  गोकर्णनाथ। सावन के अंतिम और चौथे सोमवार को भूतनाथ मेला होने के कारण नगर  के खुटार मार्ग, लखीमपुर मार्ग, मोहम्मदी मार्ग, अलीगंज मार्ग, बांकेगंज मार्ग, भूतनाथ मार्ग और शिव मंदिर के समीप श्रद्धालुओं ने कई दर्जन भंडारे लगाए। जिनमें शर्बत, हलवा, चना, पूड़ी, सब्जी, खीर आदि का प्रसाद श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया। तिलहर की शिवभक्त कमेटी के सत्येंद्र कुमार  राठौर, सुरेंद्र कुमार उमर, विनय गुप्ता, संजीव गुप्ता, रघुनंदन, प्रदीप  रस्तोगी, राजू, पप्पू आदि ने 25वां भंडारा कर अलीगंज रोड पर श्रद्धालुओं को  प्रसाद वितरित किया। सुशीला नर्सिग होम पर 20 वर्ष से और शिवम कांप्लेक्स पर पूरनपुर का गर्ग परिवार 10 वर्ष से भंडारा करा रहा है। साथ ही संसारपुर, छत्तीपुर, नौवाखेड़ा, भरिगवां चौराहा, अजान, अलियापुर आदि जगहों पर भंडारे हुए।
ममरी। अहमदनगर में क्लेशहरण मंदिर पर मुकेश गुप्ता, विनीश मिश्रा महिपाल सिंह, सुरत्ते, सुरेश गुप्ता ने भंडारा किया। कंजा के बरमबाबा स्थान पर राजेश वर्मा, श्यामबिहारी, श्यामदेव, ममरी में सत्यप्रकाश वर्मा, अजय पाल वर्मा, दीपक गुप्ता, घनश्याम वर्मा ने, झारा के बदन सिंह मंदिर पर कमलेश वर्मा, आकाश, अनूप आदि ने भंडारा कराकर प्याऊ लगवाया।
पिपरिया धनी। शिवनगरी जाने वाले तथा वापस आने वाले  कांवड़ियों के लिए यहां पर दो जगहों पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। एक भंडारे मे पूड़ी सब्जी तथा दूसरे भंडारे में चाय बिस्कुट वितरित किया गया। भंडारे में समस्त व्यापारी व ग्रामीण लोगों का सहयोग रहा। भंडारे में ठंडा  पानी पीने के लिए प्याऊ भी लगाए गए जो देर शाम तक चलते रहे।

क्लेशहरण मंदिर पर उमड़े श्रद्धालु
दूर दराज से आए हजारों शिव भक्तों ने बेलपत्र, भांग, धतूरा, प्रसाद चढ़ाकर शिवजी का जलाभिषेक किया। भक्तों के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। महिलाओं की भीड़ के चलते पुरुषों को कठिनाई से शिव के दर्शन प्राप्त हुए।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें