लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का जनपद भ्रमण का प्रस्तावित दौरा स्थगित कर दिया गया है। इससें कई दिनों से तैयारियों में लगे अफसरों ने राहत की सांस ली है, लेकिन अचानक दौरा स्थगित होने से थारु क्षेत्र की महिलाओं में निराशा है। उधर, दौरा रद्द होने के कारणों को लेकर कई सवाल भी उठने लगे हैं। हालांकि अफसर इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
राज्यपाल का जनपद के थारू क्षेत्र में 24 से 25 अगस्त तक भ्रमण प्रस्तावित था। उन्हें 26 अगस्त 2022 तक पीलीभीत का दौरा करना था। इससे जिला प्रशासन पूरी तरह राज्यपाल के स्वागत की तैयारियों में जुटा था। खासकर पलिया से लेकर चंदनचौकी तक सड़क को दुरुस्त करने के साथ ही भ्रमण के लिए प्रस्तावित थारू गांवों में विशेष रूप से तैयारियां की जा रही थीं। सोमवार की शाम तक अफसर तैयारी व व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटे रहे।
अगले दिन मंगलवार की सुबह राजभवन से एक पेज का पत्र डीएम खीरी व पीलीभीत को जारी कर राज्यपाल का दौरा स्थगित होने की सूचना दी गई। इस पत्र में राज्यपाल का दौरा स्थगित होने के कारणों के बारे में अपरिहार्य परिस्थितियां बताया गया है। साथ ही यह भी बताया गया है कि आगामी समय में दौरे की तिथियां निर्धारित किए जाने पर सूचना दी जाएगी।
आरती राना बोलीं, दौरा रद्द होने से मिली निराशा
लखीमपुर खीरी। थारु महिलाओं के लिये अपनी संस्था के माध्यम से विभिन्न कार्यों को लेकर प्रांतीय और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हो चुकीं आरती राना ने बताया कि राज्यपाल के दौरे को लेकर वह और थारू समाज की तमाम महिलाएं निराश हैं, क्योंकि राज्यपाल के सामने थारू समाज की महिलाएं सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर अपनी तमाम समस्याएं रखने वाली थीं, जिनकी सुनवाई नहीं हो पाती है। लेकिन, अब राज्यपाल के न आने से वह सब निराश हैं।