ये दी गईं सौगातें
राज्यपाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्री स्कूल किट व हाइजीन किट का वितरण किया। किसानों को कृषि यंत्र व पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी प्रदान की गई। क्षय रोगियों को पोषण पोटली किट भी दी गई। आयुष्मान कार्ड, स्वामित्व योजना के घरौनी, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के गैस कनेक्शन भी प्रदान किए गए। 184 स्वयं सहायता समूहों को सामुदायिक निवेश कोष के तहत दो करोड़ 76 लाख रुपये के चेक दिए गए। 62 प्रोड्यूसर ग्रुपों को इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत 93 लाख का चेक दिया गया। पांच महिलाओं को ई-रिक्शा की चाबियां सौंपी गईं। राज्यपाल ने थारू क्षेत्र की 25 छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया। यहां लगाए गए करीब आठ स्टालों का बारी-बारी से जायजा लेते हुए चीजों के बारे में जानकारी हासिल की।
हस्तशिल्प केंद्र का जायजा लेकर किया संवाद
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बलेरा गांव पहुंचकर सबसे पहले थारू हस्तशिल्प केंद्र का निरीक्षण किया। यहां छात्राओं ने उनका स्वागत करते हुए उनको केंद्र में दाखिल कराया। राज्यपाल ने यहां हाथों से बनाई हुईं वस्तुओं को देखा और कार्य करने वाली समूह की महिलाओं से इसको लेकर जानकारी हासिल की। संवाद करते हुए उनके द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों के बारे में जाना। यहां महिलाओं ने बताया कि वह डलिया, टोकरी, कैप, पूजा मैट, योगा मैट समेत अन्य सामानों को बनाकर उनकी बिक्री करते हुए स्वावलंबी बनने का कार्य कर रही हैं। राज्यपाल को बताया गया कि किस प्रकार इन उत्पादों की ब्रांडिंग के साथ पैक करते हुए व्यापक बाजार में स्थापित किया जा सकता है।