राजापुर मंडी में निजी आढ़तों पर शुरू हो गई धान की खरीद। संवाद
लखीमपुर खीरी। सार्वजनिक अवकाश के बाद धान की सरकारी खरीद तीन सितंबर से शुरू होगी, लेकिन इससे पहले आढ़तें गुलजार होने लगी हैं। इस बार ग्रेड ए धान का मूल्य 2389 रुपये तय किया गया है। जिले में 124 केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर छह एजेंसियों को खरीद का जिम्मा सौंपा गया है।
पहले बोआई करने वाले किसानों के खेतों में फसलें पक चुकी हैं तो ज्यादातर किसानों को फसल की कटाई के लिए अभी कुछ दिनों तक और इंतजार करना पड़ेगा। डिप्टी आरएमओ नमन पांडेय ने बताया कि तीन अक्तूबर से शुरू होने वाली धान खरीद 31 जनवरी तक चलेगी। फसल बिक्री होने के 24 घंटे के भीतर किसान के खाते में धनराशि भेज दी जाएगी। बताया कि इस बार न्यूनतम मूल्य 2369 और ग्रेड ए धान की कीमत 2389 तय की गई है।
जिले में बनाए गए 124 केंद्रों पर तौल बढ़े, इसके लिए लेखपालों की भी मदद ली जा रही है। केंद्र प्रभारी किसानों से संपर्क कर रहे हैं। डिप्टी आरएमओ ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वह समर्थन मूल्य पाने के लिए किसी दलाल के चक्कर में फंसकर औने-पौने दामों में फसल न बेंचे। सरकारी केंद्रों पर ही धान तुलवाएं और फायदा उठाएं।
-
सात तहसीलों में बनाए गए इतने केंद्र
कुल केंद्र 124
सदर-33
पलिया-08
निघासन-08
मितौली-15
धौरहरा-09
गोला-34
मोहम्मदी-17
-
इन छह एजेंसियां के इतने होंगे केंद्र
खाद्य विभाग-36
पीसीएफ-31
पीसीयू- 31
यूपीएसएस-23
मंडी समिति-01
भारतीय खाद्य निगम-02