आधी सदी पुराने हो चुके बिजली तार, झेल नहीं पा रहे भार
बार-बार बिजली कटौती व उमस भरी गर्मी में लोग परेशान हैं। इसके बाद भी 18 घंटे में सिर्फ छह घंटे ही बिजली की सप्लाई मिल रही हैं। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती दिख रही है।
ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे बिजली देने का योगी सरकार का दावा यहां पूरी तरह फेल हो गया है। चौबीस घंटे में कुल मिलाकर बमुश्किल पांच से छह घंटे बिजली मिल पा रही है। कभी रोस्टर से कटौती तो कभी लोकल फाल्ट के चलते असमय बिजली कट जाती है। बांकेगंज इलाके में आधी सदी पहले बिछाए गए बिजली के तार और पोल पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। जरा सी हवा चलने पर पूरा सिस्टम दगा दे जाता है। कभी कभार तो बिजली उपकेंद्र पर बिजली होने के बावजूद कस्बे के लोग बिजली को तरसते रहते हैं। मुख्यमंत्री की 18 घंटे बिजली देने की घोषणा करने के बाद महज एक सप्ताह या दस दिन इस इलाके को 18 घंटे बिजली मिली। इसके बाद से 18 तो क्या छह घंटे भी बिजली मिलना मुश्किल पड़ रहा है। इससे न केवल बिजली विभाग बल्कि सरकार के प्रति भी लोगों में गुस्सा बढ़ रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि आपात कटौती के नाम पर बिजली कटौती का जारी हुआ सिलसिला थमने के नाम नहीं ले रहा है। जिसके चलते इस समय पड़ रही भीषण गर्मी में अंधाधुंध बिजली कटौती से लोगों का जीना मुश्किल हो रहा है। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से बांकेगंज इलाके की बिजली सप्लाई दशा में सुधार की मांग की है।
...