पहले केवल शनिवार को होती थी, अब रविवार को भी रहेगी बंदी
सरकारी कार्यालय, बैंक, स्कूल, कॉलेज बंद रहने से ईंधन की होगी बचत
धनगढ़ी (नेपाल)। ईंधन की खपत को कम करने के लिए नेपाल सरकार ने दो दिन की सरकारी साप्ताहिक बंदी की घोषणा की है। पहले केवल शनिवार को ही सरकारी बंदी होती थी। नेपाली प्रशासन का मानना है कि ऐसा करने से न सिर्फ ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण में भी सुधार आएगा।
यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध से अंतर्राष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है। ईंधन की खपत को कम करने के लिए नेपाल सरकार ने फिलहाल विकल्प के तौर पर सरकारी कार्यालय, बैंक, स्कूल, कॉलेज आदि में सप्ताह के दो दिन शनिवार और रविवार की छुट्टी करने की घोषणा कर दी है, जबकि अन्य दिनों में खुलने वाले कार्यालयों का समय बढ़ाया है।
नेपाल में कार्यालय का समय सुबह 10 से शाम पांच बजे होता था, जिसे बदलकर सुबह साढ़े नौ बजे से शाम साढ़े पांच बजे किया गया है। जिसे रविवार से ही लागू कर दिया गया है, जिसके चलते रविवार को सभी कार्यालय पूरी तरह से बंद रहे। पहले यहां केवल शनिवार को ही बंदी होती थी।
फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम
नेपाल ऑयल निगम संचालक समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, शनिवार रात 12 बजे से पेट्रोलियम पदार्थ में मूल्य वृद्धि की गई है। अब पेट्रोल 170 रुपये नेपाली (106 रुपये 25 पैसा भारतीय), जबकि डीजल 154 रुपये नेपाली (96 रुपये 25 पैसा भारतीय मुद्रा) की दर से प्रति लीटर हो गया है। हवाई ईंधन व गैस के दाम भी नेपाल में बढ़े हैं।