अखिल भारतीय गोस्वामी समाज का मेधावी छात्र अलंकरण समारोह मनाया गया। इस मौके पर गोस्वामी समाज के मेधावी विद्यार्थी पुरस्कृत किए गए। उन्होंने बेहतर परीक्षा परिणाम लाने के लिए प्रेरित किया गया। यहां गोस्वामी समाज के उत्थान पर भी चर्चा की गई।
शहर के विलोबी मेमोरियल हाल के मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में गोस्वामी समाज के 70 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इसमें हाईस्कूल के 70 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले 11 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल, 60 से 70 प्रतिशत तक अंक पाने वाले 12 विद्यार्थियों को सिल्वर मेडल तथा 50 से 60 प्रतिशत अंक पाने वाले 8 विद्यार्थियों को कांस्य पदक दिए गए। इसके अलावा इंटर में 70 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले 4 बच्चों को गोल्ड मेडल, 60 से 70 प्रतिशत अंक पाने वाले 10 विद्यार्थियों को सिल्वर मेडल तथा 50 से 60 प्रतिशत अंक पाने वाले विद्यार्थियों को कांस्य पदक दिए गए। यहां हाईस्कूल में सवाधक 9.8 सीजीपीए प्राप्त करने करने वाले सत्यार्थ गिरि तथा इंटर में 85.8 प्रतिशत अंक पाने वाली दीपिका गिरी को विशेष पुरस्कार पूर्व विधायक अरविंद गिरि ने दिया। इस मौके पर उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर परीक्षा परिणाम लाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज के युग में 70 या 80 प्रतिशत अंक प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है वे लोग और ऊंचा लक्ष्य बनाएं। कार्यक्रम में महेंद्र गिरि, नरसिंह भारती, जर्नादन गिरि, एडवोकेट मुकद्दर गिरि, शिवबालक गिरि, राजेश गिरि, जगदीश गिरि, लाड़ले गिरि, रामप्रताप गिरि,सुरेश गिरि सहित तमाम लोग उपस्थित थे।