मैलानी में खड़ी गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेसस्रोत-संवाद
मैलानी। पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर जंक्शन और डोमिनगढ़ के बीच तीसरी लाइन की कमीशनिंग और रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के कारण गोरखपुर-पीलीभीत-गोरखपुर एक्सप्रेस आज से छह दिनों तक गोरखपुर के बजाए गोमतीनगर-पीलीभीत के बीच ही चलेगी।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह की विज्ञप्ति के अनुसार, परिचालनिक सुगमता और मूलभूत ढांचे में विस्तार, सुदृढ़ीकरण के लिए गोरखपुर जंक्शन और डोमिनगढ़ स्टेशनों के बीच चार किमी तीसरी लाइन की कमीशनिंग और गोरखपुर-नकहा जंगल के बीच पांच किमी दोहरीकरण की कमीशनिंग के लिए 22 सितंबर को प्री इंटरलॉकिंग और 23 से 26 सितंबर नॉन इंटरलॉकिंग काम के लिए ब्लॉक लिया जाएगा। इसके बाद 26 सितंबर को रेल संरक्षा आयुक्त निरीक्षण करेंगे।
इसी के चलते ट्रेन नंबर 15009 गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस 22 से 27 सितंबर तक गोमतीनगर स्टेशन से चलाई जाएगी। इस अवधि में इसका संचालन गोरखपुर से गोमतीनगर के बीच निरस्त रहेगा। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 15010 पीलीभीत-गोरखपुर एक्सप्रेस 23 से 28 सितंबर तक गोमतीनगर में यात्रा समाप्त करेगी। इस अवधि में इसका संचालन गोमतीनगर से गोरखपुर के बीच निरस्त रहेगा।