पलियाकलां। भारतीय स्टेट बैंक की शाखा पलिया में नकली गोल्ड रखकर करीब डेढ़ करोड़ से अधिक रुपये की जालसाजी करने के मामले में शनिवार को पुलिस ने लोन दिलाने वाले गोल्ड वैल्युअर सर्राफा व्यापारी को गिरफ्तार किया है।
27 सितंबर 2022 को भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक एसएन प्रजापति ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें उन्होंने गोल्ड की जांच करने वाले गोल्ड वैल्युअर कपिल वर्मा पुत्र रघुनंदन वर्मा निवासी मोहल्ला अहिरान दो पर एक करोड़ 54 हजार 89.40 रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। नकली गोल्ड रखकर परिचितों को लोन दिलाया गया था। मामले में 27 सितंबर को ही पुलिस ने गोल्ड वैल्युअर कपिल वर्मा समेत 14 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था। मुख्य आरोपी होने के कारण कपिल कई माह से फरार चल रहा था। इधर पुलिस ने शनिवार को उसको गिरफ्तार किया है। कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि गोल्ड वैल्युअर कपिल वर्मा को गिरफ्तार कर उसका चालान किया गया है।