गोला गोकर्णनाथ। उत्तर प्रदेश सड़क राज्य परिवहन निगम ने सावन से पूर्व गोला रोडवेज डिपो को 44 सीटर पांच बसें मुहैया करा दी हैं। इनमें तीन का संचालन भी शुरू हो गया है।
रविवार को मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू और एआरएम महेशचंद्र कमल ने बसों का पूजन किया। चालक व परिचालकों को फूलमाला पहनाकर हरी झंडी दिखाते हुए तीन बसों को नए तीन मार्गों पर संचालन के लिए रवाना किया। इसमें से एक बस गोला से ममरी, कचनार, सीतापुर व लखनऊ होते हुए सुबह 7 बजे निकलेगी। इसकी दूरी 169 किलोमीटर रहेगी और किराया 240 रुपये लिया जाएगा।
वहीं, एक बस गोला से बंडा, पुवायां, मोहम्मदी, औरंगाबाद, मैगलगंज, सीतापुर होते हुए लखनऊ तक जाएगी। गोला डिपो से प्रस्थान सुबह 8:30 बजे होगा। 202 किलोमीटर की दूरी का किराया 291 रुपये लिया जाएगा। इसके अलावा तीसरी बस गोला से खुटार, बंडा, बीसलपुर, पीलीभीत, टनकपुर जाएगी। गोला डिपो से सुबह 6 बजे निकलेगी। 174 किलोमीटर की दूरी का किराया 252 रुपये होगा।सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक महेशचंद्र कमल ने बताया कि इन बसों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र को जिला व प्रदेश मुख्यालय से जोड़ने का उद्देश्य है। इस मौके पर केंद्र प्रभारी कमलेश वर्मा, प्रेमशंकर कोष्टा, अनूप सिंह, विनीत सिंह, अनूप बाजपेई, शैलेश कुमार, मोबीन अहमद, निरुपेश कुमार और राजन सिंह आदि मौजूद रहे।