गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली में व्यापारियों के साथ हुई बैठक में एसडीएम अखिलेश यादव ने कहा कि अगर छूट के दौरान लॉकडाउन का पालन न हुआ तो कड़ी कार्रवाई होगी।
कोतवाली में आयोजित बैठक में व्यापारियों ने लोडिंग अनलोडिंग का समय बढ़ाने, सदर चौराहा आदि स्थानों पर फलों की दुकानें लगवाने और रविवार को किराना मार्केट खुलवाने सहित कई मांगें उर्ठाइं। व्यापारी नेता हितेंद्र कुमार गट्टानी ने माल ढोने वाले वाहनों के नगर में आवागमन का समय दोपहर दो बजे तक करने की मांग की। व्यापारी नेता पारस प्रसाद मिश्रा ने कहा कि किराना दुकानों को रविवार को भी खोलने की अनुमति दी जाए, जबकि दूध के कारोबारियों ने उनकी दुकानों का समय बढ़ाकर रात नौ बजे तक करने की मांग उठाई।
व्यापारियों की मांगों को सुनकर एसडीएम सख्त हो गए। उन्होंने दो टूक कहा कि अभी लॉकडाउन खत्म नहीं हो गया है। शासन की निर्देशों के अनुसार जारी गाइडलाइन का शत प्रतिशत पालन करें। यदि किसी दुकान पर भीड़ नजर आई और सामाजिक दूरी का पालन न किया गया, तो व्यापारी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि रविवार को दूध और दवा की दुकानों को छोड़कर संपूर्ण कारोबार बंद रहेगा।
इस मौके पर व्यापारी नेता कैलाशचंद्र गुप्ता, गोपाल कृष्ण शुक्ला, बालकृष्ण गुप्ता, राजेश आनंद मिन्नी, शिवशरण भसीन, यश गुप्ता, माता प्रसाद केडिया आदि मौजूद रहे।
--
लॉकडाउन का सभी व्यापारी पालन करें : अध्यक्ष
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अरुण अवस्थी ने सभी व्यापारियों से कहा कि लॉकडाउन का सभी व्यापारी पालन करें।