अमान परिवर्तन के लिए बहराइच-गोंडा रेलखंड का आज लिया जाएगा मेगा ब्लाक
अमान परिवर्तन के लिए बहराइच-गोंडा रेलखंड का एक जुलाई से मेगा ब्लाक लिए जाने की वजह से गोकुल एक्सप्रेस का संचालन भी बंद हो जाएगा।
गोकुल एक्सप्रेस का संचालन गोंडा से आगरा के बीच हुआ करता था। पीलीभीत-बरेली रेलखंड का ब्लाक लिए जाने तक इस ट्रेन का संचालन पीलीभीत-गोंडा के बीच होता रहा लेकिन बहराइच-गोंडा का मेगा ब्लाक लिए जाने की वजह से रेलवे बोर्ड ने अंतत: इस एकमात्र एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन भी एक जुलाई से बंद करने का निर्णय किया है। पीआरओ आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि गोकुल एक्सप्रेस बुधवार की रात मैलानी में टर्मिनेट हो जाएगी। साथ ही तिकुनियां से चलकर सीतापुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन अब तिकुनियां के बजाए मैलानी से सीतापुर के बीच चलेगी।
मैलानी-बहराइच के बीच चलेगी फास्ट पैसेंजर
मैलानी। गोकुल एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन बंद कर दिए जाने के बाद मैलानी से बहराइच के बीच एक जोड़ी फास्ट पैसेंजर ट्रेन चलेगी। डीसीआई एएम चतुर्वेदी ने बताया कि ट्रेन नंबर 52257 तथा 52258 मैलानी से बहराइच के बीच फास्ट पैसेंजर के रूप में चलेगी। 52241 तथा 52242 का संचालन बहराइच से सीतापुर के बीच होगा। इस तरह बहराइच से पहली बार सीतापुर को सीधे जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि तिकुनियां-सीतापुर पैसेंजर का संचालन पूरी तरह बंद नहीं किया गया है, बल्कि इसका संचालन तिकुनियां के बजाए मैलानी से सीतापुर के बीच कर दिया गया है।
अब नहीं रहेगी एक भी एक्सप्रेस ट्रेन
मैलानी। मैलानी-बहराइच तथा सीतापुर-पीलीभीत के बीच अब एक भी एक्सप्रेस ट्रेन नहीं रह जाएगी। बता दें कि पहले ऐशबाग-बरेली के बीच नैनीताल, आगरा फोर्ट, रुहेलखंड एक्सप्रेस, पलियाकलां-ऐशबाग के बीच सेंक्च्युरी एक्सप्रेस तथा गोंडा-पीलीभीत के बीच गोकुल एक्सप्रेस चला करतीं थीं। पीलीभीत-बरेली खंड का ब्लाक लिए जाने के बाद भी एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन पीलीभीत-ऐशबाग के बीच होता रहा, लेकिन पहले सीतापुर-ऐशबाग तथा एक जुलाई से बहराइच-गोंडा रेलखंड का ब्लाक लिए जाने के बाद सभी एक्सप्रेस ट्रनों का संचालन बंद हो गया है। यानी एक्सप्रेस ट्रेनें फिलहाल गुजरे जमाने की बात हो गई हैं।
40 में बचीं 28 ट्रेनें
मैलानी। मैलानी-सीतापुर, मैलानी-पीलीभीत तथा मैलानी-गोंडा रूट पर कभी चौबीस घंटों में कुल 40 ट्रेनों का संचालन होता था, लेकिन अब ट्रेनों की संख्या घटकर 28 रह गई है।
मैलानी-बहराइच के बीच चलेंगी पांच जोड़ी ट्रेन
मैलानी। मैलानी से बहराइच के बीच अब पांच जोड़ी ट्रेनों का संचालन होगा।
मैलानी से बहराइच की ओर जाने वाली ट्रेनें
गाड़ी मैलानी बहराइच
संख्या प्रस्थान आगमन
52252 7: 45 14:45
52254 10:15 17:00
52242 16:15 23:00
52256 18:15 00:25
52258 22:15 04:50
बहराइच से मैलानी की ओर जाने वाली ट्रेनें
गाड़ी बहराइच मैलानी
संख्या प्रस्थान आगमन
52241 04:00 11:00
52251 09:00 15:45
52253 12:15 19:10
52255 17:45 00:30
52257 23:55 06:15