महेवागंज/फूलबेहड़। मां के साथ जयपुर-राजस्थान मजदूरी करने गई फूलबेहड़ के राजापुर गांव निवासी युवती फूलजहां की सड़क हादसे में मौत हो गई।
राजापुर गांव निवासी फूलजहां (18) पुत्री स्व. मुलायम अपनी मां नगमा और छोटी बहन के साथ जयपुर (राजस्थान) की एक कंपनी में ग्लास पैकिंग का काम करने गई थी। बताते हैं कि सोमवार सुबह वह अपनी मां और बहन के साथ मजदूरी करने जा रही थी। इस बीच वह तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई।
जब तक परिजन उसे अस्पताल ले जाते, उसकी मौत हो गई। जयपुर शहर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मंगलवार दोपहर शव गांव पहुंचा और गमगीन माहौल में उसे दफना दिया गया।
पिता की मौत के बाद मजदूरी में मां का बंटा रही थी हाथ
गरीबी के चलते कम उम्र में ही फूलजहां मजदूरी करने लगी थी। उसके पिता मुलायम की मौत पिछले वर्ष दिसंबर में हो गई थी। इससे परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा देख फूलजहां अपनी मां नगमा के साथ जयपुर (राजस्थान) कंपनी में मजदूरी करने चली गई थी। वह वहां किराए पर कमरा लेकर रह रही थी। परिवार की परवरिश की जिम्मेदारी मां नगमा ने उठाई। इसमें एक पैर से कमजोर बड़ी बेटी फूलजहां भी मां का साथ दे रही थी। दोनों मेहनत मजदूरी कर जीवन यापन कर रही थीं। मां को बेटी के शव से लिपट कर बिलखते देख लोगों की आंखें नम हो गईं।