निघासन। झंडी चौकी क्षेत्र के गांव पचपेड़ी में शुक्रवार से लापता मदारू के 10 वर्षीय गुलाम की रस्सी से गला कसकर हत्या की गई थी। इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम से हो गया है। उसका शव सोमवार को गांव लाया गया। परिवार वालों ने शव दफन कर दिया है।
रविवार को गांव के बाहर केले के खेत में गुलाम का शव मिला था। गर्दन का आधा हिस्सा गायब था और गले में प्लास्टिक की रस्सी पड़ी हुई मिली थी। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही थी। पोस्टमाॅर्टम के बाद सोमवार को पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मासूम की मां समेत परिवार की महिलाओं की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मातमी सन्नाटा पसर गया। नम आंखों से परिजनों ने अंतिम संस्कार किया।
बताया जा रहा है कि तीन सदस्यीय डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमॉर्टम किया है, जिसमें ये बात सामने आई कि रस्सी से गला कसे जाने की वजह से गुलाम की मौत हुई है। हालांकि झंडी चौकी इंचार्ज का कहना है कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी।
वर्जन
पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही बच्चे की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
शिवम कुमार, सीओ निघासन