विधायक की शान में न हो गुस्ताखी, रात में ही सदर एसडीएम ने शुरू कराई कार्रवाई
बिना नोटिस चले अतिक्रमण मुक्त अभियान से पटरी दुकानदारों का कामधंधा चौपट
लखीमपुर खीरी। मंगलवार की रात संकटा देवी मंदिर वाली गली से कूड़ा फेंकने पर सदर विधायक और एक पटरी दुकानदार के बीच हुए विवाद के बाद तहसील प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ जंग छेड़ दी। बुधवार दोपहर बाद तहसील प्रशासन ने अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया। उधर, बिना नोटिस और चेतावनी के मंगलवार देर रात 10 बजे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर पटरी दुकानदारों का कामधंधा चौपट हो गया है।
मंगलवार की रात संकटा देवी मार्ग पर सदर विधायक के रास्ते में एक दुकानदार ने कूड़ा फेंक दिया। नाराज विधायक ने सदर एसडीएम को निर्देश देकर रातों रात वहां से अतिक्रमण हटवाना शुरू कर दिया। इससे शहर भर में सड़कों पर अतिक्रमण पर आंखें मूंदे तहसील प्रशासन से लेकर नगर पालिका विधायक की परेशानी से परेशान हो उठे और रातों रात पटरी दुकानदारों के ठेले-खोमचे उठाकर सफाई अभियान शुरू कर दिया।
बुधवार को भी नायब तहसीलदार के नेतृत्व में पालिका प्रशासन ने संकटा देवी चौकी से सराफा बाजार तक और फिर वहां से पटवा बाजार वाली गली के दोनों तरफ का अतिक्रमण हटवाकर दुकानदारों से जुर्माना वसूला। अचानक हुई इस कार्रवाई से व्यापारियों में अफरातफरी मच गई। उधर, रात की कार्रवाई के बाद कुछ फूल विक्रेता अपनी दुकानें लगाने की जहां हिम्मत नहीं जुटा पाए तो वहीं कुछ लोग रोजी रोटी की खातिर गली आदि से दुकानपटरी करते रहे। मंगलवार से सदर विधायक का फोन बंद जा रहा है।
रोजी-रोटी के लिए गली में रखगर बेचे फूल
पालिका द्वारा रात में ही खोखे उठवा लिए जाने के बाद कुछ फूल विक्रेताओं ने दुकान ही नहीं लगाई। मगर, कुछ युवक रोजी-रोटी के लिए गली-कूचे में फूल रखकर बिक्री करते रहे। इनका कहना था फूल खरीदकर मंगाए हैं। ज्यादा दिन तक रखने पर फूल खराब हो जाएंगे। इसलिए बेचना मजबूरी है।
अतिक्रमण की चपेट में पटवा और बर्तन बाजार
सराफा बाजार से पटवा बाजार जाने वाली गली से लेकर बर्तन बाजार की गलियां अतिक्रमण की जद में हैं। व्यापारियों ने नाले पर कब्जा कर दुकान के आगे तख्त आदि डाल रखे हैं। इससे भी ज्यादा हाल बर्तन बाजार का बेहाल है। वहां पर लोगों ने दुकान के सामने तख्त आदि डालकर आठ से दस फिट तक सामान सजा रखा है। इससे गली में पैदल तक निकलना दूूूभर है। अतिक्रमण अभियान के दौरान ईओ ने व्यापारियों को निर्धारित सीमा में रहने की चेतावनी देते हुए जुर्माना वसूल किया।
हटा अतिक्रमण तो दिखी गली
संकटा देवी रोड से मंदिर की ओर जाने वाली गली बुधवार को अतिक्रमण मुक्त दिखी, जबकि अन्य दिनों में फूल विक्रेताओं के कब्जे से गली बेहद संकरी रहती थी। इससे दिन में कई बार जाम लगती थी और मंदिर जाने वालों से लेकर मोहल्ले के लोग परेशान होते थ। मगर, बुधवार को पूरी गली साफ दिखी।
राजनीतिक दबाव में अधिकारियों को दिखा अतिक्रमण
अतिक्रमण के खिलाफ बुधवार को चले अभियान का कारण राजनीतिक दबाव बताया जा रहा है, क्योंकि अतिक्रमण सिर्फ संकटा देवी रोड या फिर पास बाजार की गलियों में ही नहीं, बल्कि पूरे शहर में हैं। इसके बावजूद तहसील प्रशासन इसकी अनदेखी करता है। मगर, मंगलवार रात सदर विधायक प्रकरण के बाद तहसील प्रशासन अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाने में लग गया है।
इससे पहले जिला अस्पताल के पास से हटाया था अतिक्रमण
सदर विधायक का यह कोई पहला मामला नहीं है। करीब डेढ़ साल पहले इसी तरह रात में स्कूटी से निकलते समय जिला अस्पताल गेट के पास एक दुकानदार ने पानी रोड पर फेंक दिया। जिसके छींटे उन पर तक पड़ गए। इस वाकये से नाराज सदर विधायक ने नाक का सवाल बनाकर तहसील प्रशासन को अतिक्रमण की याद दिलाई थी। तब भी अभियान चलाकर पटरी दुकानदारों को हटाया गया था। ऐसे में कुछ दिन तक तो अस्पताल के पास दुकानें हटी रहीं, बाद में फिर भी सज गईं, जो आज वैसे ही हैं।
अभियान उनके खिलाफ चलाया जा रहा है, जिन्होंने नाले-नालियों से लेकर फुटपाथ पर दुकानें लगा रखी हैं। संकटा देवी रोड से लेकर पटवा एवं बर्तन बाजार में अतिक्रमण करने वाले दुकानों से करीब नौ हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा।
- श्रद्धा सिंह, एसडीएम सदर
अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है। जो निंरतर जारी रहेगा। एक बार हटवाने के बाद दोबारा अतिक्रमण मिलने पर दो हजार रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। इसलिए व्यापारी दुकान के आगे फुटपाथ पर सामान आदि लगाकर अतिक्रमण कदापि न करें।
- संजय कुमार, अधिशाषी अधिकारी