लखीमपुर खीरी। महिला अपराधों को लेकर थाना खीरी पुलिस कितनी संजीदा है। इस बात की बानगी गुरुवार को एसपी दफ्तर आई एक पीड़िता की जुबानी से सामने आ गया। अपहरणकर्ताओं के चंगुल से तीसरे दिन छूटी पीड़िता ने पुलिस चौकी ओयल पहुंचकर सामूहिक दुष्कर्म की बात बताई। इस पर पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए बुधवार को जिला महिला अस्पताल तो भेजा, लेकिन न तो सामूहिक दुष्कर्म की धारा बढ़ाई और न ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सकी है। एसपी ने थाना खीरी पुलिस को धाराएं बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। थाना खीरी क्षेत्र के एक गांव की एक 28 वर्षीय विवाहिता ने बताया कि वह ब्यूटी पार्लर संचालिका है। 14 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे वह अपनी दुकान पर ओयल जा रही थी। रास्ते में काले रंग की कार में सवार होकर पांच लोग आए और उसे अगवा कर अज्ञात स्थान पर ले गए, जहां उसे दो दिन और दो रातें बंधक बनाकर रखा। पांचों ने दुष्कर्म किया। शारीरिक यातनाएं दीं। इधर जब विवाहिता शाम को घर नहीं पहुंची तो उसके पति ने अज्ञात के खिलाफ हत्या के इरादे से अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवाहिता ने बताया कि तीसरे दिन यानी 16 जुलाई की शाम उसे दो लोग बाइक पर बिठाकर छाउछ चौराहा के निकट छोड़कर भाग निकले। वह किसी तरह लोगों से पूछते हुए छाउछ से एलआरपी चौकी पहुंची और पुलिस को पूरी बात बताई। इस पर चौकी पुलिस ने ओयल चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर आई पुलिस उसे चौकी ओयल ले गई थी। जहां उसने पुलिस को बताया था कि उसके पांच लोग कार से अगवा कर कहीं अज्ञात स्थान पर ले गए थे। उससे दुष्कर्म किया है और पीटा भी। आरोपियों में से सिर्फ एक को वह पहचानती है। बुधवार को पुलिस ने उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा, लेकिन अल्ट्रासाउंड आदि न हो पाने के कारण मेडिकल प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। आरोप है कि पुलिस ने न तो दुष्कर्म की धारा बढ़ाई और न ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सकी है। एसपी ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। एसपी पूनम ने बताया कि आरोप गंभीर है, प्रभारी निरीक्षक को सही धाराएं बढ़ाकर कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए हैं।
विवाहिता के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज है। मेडिकल परीक्षण अभी पूरा नहीं हो सका है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। नामजद आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
चंद्रकांत सिंह प्रभारी निरीक्षक, थाना खीरी।