छह लोगों को हिरासत में लेकर हो रही पूछताछ
महेवागंज (लखीमपुर खीरी)। अनुसूचित जाति की तीन लड़कियों से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फूलबेहड़ पुलिस 36 घंटे बाद भी सभी आरोपियों को नहीं पकड़ पाई । मामले में अब तक छह लोगों को हिरासत लेकर पूछताछ की जा रही है। चार आरोपी रसूखदार बताए जा रहे हैं। शनिवार की रात मेडिकल कराने के बाद लड़कियों को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया।
सदर कोतवाली के एक गांव निवासी अनुसूचित जाति की दो सगी बहनों समेत तीन लड़कियां शुक्रवार की सुबह गांव के ही एक परिचित के बुलावे पर फूलबेहड़ क्षेत्र में स्थित एक खेत में मजदूरी करने गई थीं। देर शाम इन लड़कियों ने मजदूरी के बहाने परिचित मोहन समेत पांच लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पुलिस ने शुरुआत से ही मामले में खूब हीलाहवाली कर रही है। पीड़ित के परिवार का सीधा आरोप है कि उनसे पुलिस ने मनमाफिक तहरीर लिखवाई। दूसरे रोज एसपी के संज्ञान में मामला आते ही शनिवार देर शाम मोहन और चार अज्ञात के खिलाफ 376 डी और एससी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया। वहीं देर रात लड़कियों को मेडिकल के लिए भेजा गया। इस दौरान महिला थाना पुलिस भी साथ रही। मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस ने रविवार की सुबह लड़कियों को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। जहां काउंसलिंग और बयान के लिए तीन से चार दिन तीनों पीड़ित वहीं रहेंगी।
लड़कियों को बुलाकर ले जाने वाले मोहन को पुलिस ने मुख्य आरोपी बनाया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी को तीसरे रोज दोपहर मेडिकल के लिए भेजा गया। खास यह है कि मामले में पूछताछ के बाद भी पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान नहीं कर पाई है, जबकि पीड़ित लड़कियों ने उसी रोज पुलिस को बताया था कि खेत में मजदूरी के बहाने बुलाकर ले गए रिश्तेदार ने ही फोन कर अन्य युवकों को मौके पर बुलाया था। नतीजतन पुलिस ने चार अज्ञात युवकों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया। नामजद आरोपी समेत हिरासत में आए कुछ अन्य लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
बड़ी जोत वाले हैं आरोपी
महेवागंज। पुलिस सूत्रों की माने तो नामजद आरोपी से पूछताछ और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पृष्ठ भूमि खेती किसानी से जुड़ी है, जो बड़े स्तर पर खेती करते हैं और रसूखदार हैं। पीड़ित लड़कियों ने भी पुलिस की पूछताछ में फार्म हाउस से जुड़े कुछ रसूखदार युवकों पर घटना में शामिल होने की आशंका जताई थी। अज्ञात आरोपी घटना स्थल के करीब के ही एक गांव के बताए जाते हैं। जानकारी के मुताबिक खेत भी झालों के करीब होने से उसकी अज्ञात आरोपियों से खासी जान पहचान बताई जाती है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक नामजद आरोपी कि निशानदेही पर ही संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। संवाद
दुष्कर्म पीड़िता को जमीन पर बैठाया, जांच
लखीमपुर खीरी। फूलबेहड़ थाना क्षेत्र की तीन दुष्कर्म पीड़िताओं को मेडिकल कराने के लिए शनिवार रात करीब 11 बजे महिला अस्पताल लाया गया, जहां पर रात एक से सुबह पांच बजे तक मेडिकल परीक्षण की कार्यवाही हुई। इस दौरान तीनों पीड़िताओं को जमीन पर बैठाने की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। मामले में सीएमएस डॉ. नसरीन का कहना है कि तीनों को बेड पर बैठाया गया था। डॉक्टर ने रात में चाय तक पिलवाई थी। मामले में डीएम डॉ. अरविंद चौरसिया ने बताया कि फोन पर किसी आम आदमी ने शिकायत की थी, जिस पर मामले में क्या सही है क्या गलत, इसकी जांच के लिए एसडीएम सदर को निर्देशित किया गया है। संवाद
मेडिकल प्रक्रिया चल रही है। घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। एक नामजद आरोपी हिरासत में है। विवेचना की जा रही है। - टीएन दुबे, सीओ धौरहरा