अभी कुछ साल पहले ही स्वच्छ पानी की सप्लाई के लिए बिछाई गई पाइप लाइन की वजह से गढ़ी रोड पर लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। आए दिन पाइप लाइन के फटने से सड़क और लोगों के घरों में पानी भर रहा है। इससे लोग काफी परेशान हैं।
गढ़ी रोड पर करीब तीन साल पहले जल निगम के ठेकेदार द्वारा पाइप लाइन बिछाई थी लेकिन शुरू से ही कई जगहों पर लीकेज के कारण पानी सड़क पर बहता रहा। बुधवार की सुबह यह पाइप लाइन एक फिर दगा दे गई। इसके फटने से पानी शिवपुरी मोहल्ले के कई घरों में भर गया। वहीं सड़क पर पानी भरने की वजह से राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस बाबत नगर पालिका की वार्ड सदस्य बबिता पाल ने बताया कि फिलहाल लीकेज बंद कर पानी को रोका गया है और संबंधित ठेकेदार को इसकी जानकारी दी गई है। पाइप लाइन को दुरुस्त करने का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा।