जलभराव से घरों के आसपास भरा पानी
लोगों को घरों से बाहर निकलने पर हो रही दिक्कत
बारिश से खीरी कस्बे के वार्ड संख्या एक में जलभराव होने से कई घर पानी से घिर गए हैं। यहां तक लोगों को घरों से बाहर निकलने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे के खान ब्रर्दस कमेटी और नट समाज के लोगों ने नगर पंचायत अधिकारी को प्रार्थना पत्र दे कर जलभराव के समस्या निजात दिलाने की मांग की है।
बारिश से खीरी कस्बे के वार्ड संख्या एक निवासी बालक राम के मकान के चारों ओर जलभराव हो गया। जिससे पूरे परिवार के लोग तीन दिन से घर में कैद हैं। हसीब खां के परिवार में 11 जुलाई को शादी समारोह है, लेकिन जलभराव होने के कारण उनके घर से आने-जाने का कोई रास्ता नहीं बचा है। ऐसे ही बबलू अखबी, मकसूद, नूर मोहम्मद, वकील आदि के मकानों के चारों तरफ पानी भरा हुआ है। तालाब के किनारे धुलहन का कच्चा मकान गिर गया। जिससे परिवार के लोग दूसरे मकान में डेरा जमाए हैं। खान कमेटी और नट समाज के लोगों ने नगर पंचायत अधिषाशी अधिकारी को पत्र देकर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
जलभराव से संक्रामक रोगों का बढ़ा खतरा
ओयल। पानी निकास की व्यवस्था ठीक न होने के कारण नगर के कई स्थानों पर जलभराव हो गया है। जिससे संक्रामक रोगों के बढ़ने की संभावना प्रबल हो गई है। नगरवासियों ने पानी के निकास की समुचित व्यवस्था कराए जाने की मांग प्रशासन से की है।
हल्की बरसात में ही क्षतिग्रस्त हुआ नाला
ओयल। ढखवा बाजार में तालाब के ओवरफ्लो होने के कारण लाखों रुपये की लागत से बना नाला पहली बार में ही क्षतिग्रस्त हो गया। इससे लोगों में रोष है।
ढखवा बाजार में टाउन एरिया की दुकानें बनीं हैं। दुकानों के पीछे स्थित तालाब से ओवरफ्लो होने वाले पानी के निकास के लिए दो वर्ष में दो बार लाखों रुपये से नाले का निर्माण कराया जा चुका है। हल्की बारिश में ही नाला क्षतिग्रस्त हो गया। नाले के साथ सटाकर लगाई गई इंटरलाकिंग भी गिर गई। नगर पंचायत अध्यक्ष इस बाबत पूछने पर कुछ बोलने से इंकार कर रही हैं।