गोला में गाड़ी की तलाशी लेता पुलिस कर्मी
- फोटो : LAKHIMPUR
गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी)। फ्लाइंग सर्विलांस टीम (एफएसटी) ने मोहम्मदी रोड बाईपास चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान एक राइस मिल मालिक की कार से 14 लाख रुपये बरामद किए हैं। शनिवार की रात एफएसटी प्रभारी जेष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक आशुतोष मधुकर, एसआई हृदयानंद के साथ मोहम्मदी रोड बाईपास चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी नगर निवासी राइस मिल मालिक शुभम अग्रवाल अपनी वैगन आर कार से आ पहुंचे।
एफएसटी ने उनकी कार की तलाशी लेने पर 14 लाख रुपये बरामद किए। टीम प्रभारी ने आयकर निरीक्षक ज्ञानेश को सूचना देकर बुलवाया और उनकी मौजूदगी में धनराशि को संदिग्ध मानते हुए गिनवाकर ट्रेजरी में जमा करा दिया है। राइस मिल मालिक शुभम अग्रवाल ने टीम को बताया है कुछ किसानों को धान का पिछला भुगतान देने के लिए राइस मिल में कैश बैलेंस निकला था। किसी कारणवश भुगतान लेने के लिए किसान नहीं आ सके। लिहाजा सुरक्षा की दृष्टि से धनराशि को राइस मिल से लेकर घर जा रहे थे। वहीं एफएसटी प्रभारी ने बताया कि कार में 14 लाख रुपये संदिग्ध प्रतीत होने पर ट्रेजरी में जमा कर दिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
-------
चेकिंग के दौरान सात वाहनों का चालान
सिकंदराबाद। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर रविवार को सात वाहनों का चालान किया। प्रभारी निरीक्षक नीमगांव राजकरन शर्मा ने पुलिस फोर्स के साथ वाहन चेकिंग अभियान चलाकर कई घंटे तक चेकिंग की। इस दौरान वाहन स्वामी गलियों आदि जगह से रास्ते बदलकर निकलते रहे। पुलिस ने 50 से अधिक चौपहिया वाहनों की तलाशी ली। इस दौरान किसी गाड़ी मे कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली, लेकिन अपूर्ण कागजात मिलने पर सात वाहनों का चालान किया। संवाद