जिले के ऐसे बच्चे जो किन्हीं कारणों से टीकाकरण से वंचित रह जाते थे उनके लिए स्वास्थ्य विभाग मंगलवार से मिशन इंद्रधनुष चलाएगा। इसके तहत पूरे जिले में टीकाकरण से वंचित बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग नौ माह से 15 वर्ष तक के बच्चाें को विभिन्न बीमारियों से बचाने लिए नियमित टीकाकरण कार्यक्रम करता है। इस टीकाकरण में बीसीजी, डिप्थीरिया, काली खांसी, मिजिल्स, खसरा, हेपेटाइटिस, जेई और टीबी के टीके लगाए जाते हैं। स्वास्थ्य विभाग के प्रतिरक्षण अधिकारी बलबीर सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत ईंट भट्ठों पर काम करने वाले ऐेसे बच्चे जो कुछ समय के बाद वहां से चले जाते हैं तथा वे आबादी जो घुमंतू रहती है। ऐसे बच्चों का चिह्नीकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया इसके लिए माइक्रोप्लान तैयार कर लिया गया है। मंगलवार को कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम किंजल सिंह करेंगी। उन्होंने बताया यह कार्यक्रम जून तक चलेगा। इसके तहत प्रत्येक माह की सात तारीख से सात दिन का कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस प्रोग्राम में पहले दिन जिले भर में एक साथ 371 जगहों पर, दूसरे दिन 360 जगहों पर, तीसरे दिन 338 जगहों पर, चौथे दिन 315 जगहों पर, पांचवें दिन 276 जगहों पर तथा छठे दिन 1029 जगहों पर एक साथ कार्यक्रम चलाया जाएगा। प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।