गोला गोकर्णनाथ। जिला पीलीभीत के रहने वाले एक छात्र ने विदेश जाने के लिए स्टडी वीजा बनवाने वाली संस्था के संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पीलीभीत के थाना पूरनपुर के गांव बबरौआ निवासी वीरेंद्र कुमार शर्मा ने दर्ज कराए मुकदमे में कहा, मेपल वीजा ट्री संस्थान की तीन ब्रांच गोला, लखीमपुर और पंजाब के महोली में संचालित हैं। अमरजीत सिंह उर्फ तरसेम सिंह गोला ब्रांच, मोहर सिंह लखीमपुर ब्रांच, उल्फत चौधरी, निशांत और सिमरनजीत कौर महोली ब्रांच देखते हैं।
इन सभी ब्रांच को विक्रम सिंह संचालित करते हैं। वीरेंद्र कुमार शर्मा का आरोप है कि यह संस्था विदेश जाने के लिए स्टडी वीजा बनवाने का कार्य करती है। मेपल वीजा ट्री संस्थान गोला ब्रांच ने इंग्लैंड के स्टडी वीजा के नाम पर उससे तीन लाख रुपये ले लिए। इसमें 1,20,000 रुपये नकद और 1,80,000 ऑनलाइन भुगतान किया।
इसके अलावा 8,76,265 यूनिवर्सिटी फीस के जमा किए गए। हालांकि फीस की रकम सात महीने में वापस कर दी गई। वीरेंद्र कुमार शर्मा के ब्लैंक चेक, वीजा प्रक्रिया के लिए एटीएम और पासबुक तरसेम सिंह और मोहर सिंह के पास है।
आरोपी वीजा के नाम पर ली गई तीन लाख की रकम वापस नहीं कर रहे हैं। एसपी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।