लखीमपुर खीरी के पढुआ थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात हादसा हो गया। बरात से लौट रहे दो बाइक पर सवार चार युवकों को किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे चारों युवक नाले में जा गिरे। इनमें तीन युवक घायल हो गए। एक युवक गहरे पानी में डूब गया।
लखीमपुर खीरी के पढुआ थाना क्षेत्र में बरात से लौट रहे युवकों की बाइकों को किसी वाहन ने धौरहरा के पास दहौरा नाला पुल पर जोरदार टक्कर मार दी। जिससे चारों युवक नाले में जा गिरे। तीन युवक तो घायल अवस्था में बाहर निकल आए, लेकिन एक युवक गहरे पानी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के खरवहिया गांव से पढुआ थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार रात बरात गई थी। पुलिस के मुताबिक रात में करीब एक बजे दो बाइकों पर सवार चार युवक अपने घर जा रहे थे। दहौरा नाला पुल पर किसी वाहन से दोनों बाइकों को टक्कर लग गई। जिससे बाइक सवार कौशल पुत्र रामू,आसमान पुत्र परमेश्वर निवासी भौव्वापुर व दूसरी बाइक सवार लवकुश पुत्र रामू निवासी अमेठी व मनोज पुत्र तेज नरायन निवासी तेलियनपुरवा खरवहिया उछल कर नाले में जा गिरे।
कौशल(21), आसमान(20) और लवकुश(22) जहां पर गिरे, वहां पानी कम था। वे नाले से बाहर निकल आए। तीनों घायल हुए हैं। मनोज (20) गहरे नाले में लापता हो गया। पुलिस ने तीन घायलों को उपचार के लिए सीएचसी धौरहरा भेजा, जहां डाक्टर ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लापता युवक की स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश की जा रही थी। प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पानी में लापता युवक की तलाश में गोताखोरों की टीम जुटी है।