लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली पुलिस ने खम्भारखेड़ा शुगर मिल से एल्युमिनियम की चादर चोरी होने के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की एल्युमिनियम चादरों से भरी चार प्लास्टिक की बोरियां बरामद की गई हैं। इनमें से एक बोरी कबाड़ी की दुकान से बरामद हुई।
बीती 23 सितंबर की रात चोरों ने कारखाना परिसर में घुसकर एल्युमिनियम की चादर की चोरी की थी। सीओ महक शर्मा ने बताया कि घटना के कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी थी। पुलिस सीसी कैमरे की तलाश करते हुए चोरों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान सूचना पर टिडुई मोड़ निघासन रोड के पास पुलिस ने तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। उनके पास प्लास्टिक की बोरियों में मुड़ी हुई एल्युमिनियम की चादरें मिलीं।
पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी जाकिर अली की ओदरहना निघासन रोड स्थित दुकान पर छापा मारा। यहां कबाड़ के ढेर में छिपाकर रखी गई एल्युमिनियम की चादरों से भरी एक और बोरी बरामद हुई। पुलिस ने जाकिर अली को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित वाल्मीकि निवासी ग्राम कुकरा, रामसनेही और कौशल किशोर निवासी ग्राम माड़ी टांडा (अचाकापुर), थाना फूलबेहड़ और जाकिर अली निवासी दलालपुरवा के रूप में हुई है।