पूर्व विधायक के बेटे संजीव कुमार मिश्रा। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
महंगापुर (लखीमपुर खीरी)। जमीन के विवाद में पूर्व विधायक निरवेंद्र कुमार मिश्रा उर्फ मुन्ना की मौत के मामले में हत्या के आरोप में जेल में बंद दो आरोपियों की जमानत होने की जानकारी पर पूर्व विधायक के बेटे संजीव कुमार मिश्रा भड़क गए। उन्होंने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह की कोशिश की, परिजनों ने किसी तरह से उनसे तेल की बोतल छीन ली। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और संपूर्णानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार और अन्य ग्रामीणों ने पूर्व विधायक के पुत्र संजीव कुमार मिश्रा को समझाबुझाकर शांत कराया।
बता दें कि जमीन के विवाद में छह सितंबर को पूर्व विधायक निरवेंद्र कुमार मिश्रा की मौत हो गई थी। मामले में उनके पुत्र संजीव कुमार मिश्रा ने पांच लोगों को नामजद करते हुए हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपी राधेश्याम गुप्ता सहित पांचों नामजदों के खिलाफ हत्या, बलवा, मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। संजीव कुमार मिश्रा ने दो अन्य आरोपियों और तत्कालीन सीओ पर कार्रवाई की मांग करते हुए धरना प्रदर्शन और क्रमिक भूख हड़ताल की, जो हाल ही में समाप्त हुई। मंगलवार को पिता-पुत्र राधेश्याम गुप्ता, अनुराग गुप्ता की जमानत हो गई। जिसकी खबर पाकर पूर्व विधायक पुत्र संजीव कुमार भड़क गए और मिट्टी का तेल छिड़क लिया। यह देख आनन-फानन में परिजन आ गए और तेल की बोतल उनसे छीन ली। उधर शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर संपूर्णानगर पुलिस भी आ गई और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को देने के साथ ही पूर्व विधायक पुत्र को समझाबुझाकर शांत किया।
आरोपियों की जमानत की जानकारी के बाद पूर्व विधायक के बेटे संजीव कुमार मिश्रा ने मिट्टी का तेल अपने ऊपर डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। जानकारी पर मौके पर पहुंचा और उन्हें समझाबुझाकर शांत किया।
-सुनील कुमार, प्रभारी निरीक्षक, संपूर्णानगर
हमारे पास आत्महत्या के अलावा कोई चारा नहीं बचा है। सत्ता पक्ष के लोग विरोधियों की मदद कर रहे हैं।
-संजीव कुमार मिश्रा, मृतक