बांकेगंज-तिकुनियां। दुधवा टाइगर रिजर्व की उत्तर निघासन रेंज में लंबे अरसे से अवैध कब्जे में चल रही 325 हेक्टेयर वन भूमि को वन विभाग ने खाली करा लिया है। सोमवार को इस वन भूमि की नपत कराने के बाद सीमांकन कराया और वन विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया।
डीटीआर बफरजोन के रन नगर वन ब्लॉक में करीब 325 हेक्टेयर वन भूमि पर 70 लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था और उस पर खेतीबाड़ी कर रहे थे। वन विभाग ने जब उसे खाली कराने की कोशिश की तो अतिक्रमणकारी हाईकोर्ट चले गए। लंबे समय तक चली सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने उन्हें बेदखल करने का आदेश जारी कर दिया। वन विभाग ने राजस्व विभाग से नपत कराने के बाद एसएसबी, एसटीपीएफ और स्थानीय पुलिस की मदद से अतिक्रमित वन भूमि पर कब्जा करके सीमांकन करा दिया है। इस मौके पर एसडीएम निघासन ओपी गुप्ता, एसटीपीएफ सीओ अभिनव यादव, रेंजर दिनेश बड़ोला समेत वन कर्मी और स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा।
डीटीआर बफरजोन के डीडी डॉ. अनिल कुमार पटेल ने बताया कि खाली कराई गई 325 हेक्टेयर वन भूमि पर पौधरोपण कराया जाएगा। जल्द ही अन्य अतिक्रमित भूमि को खाली कराया जाएगा।