मैगलगंज। एनएच-30 पर हरदोई के जहानीखेड़ा क्षेत्र में अर्टिगा कार की टक्कर के बाद से बाघ की तलाश में वन विभाग की टीम जुटी हुई है। शनिवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान क्षेत्र में बाघ के पैरों के निशान मिले, लेकिन उसकी लोकेशन अब तक नहीं मिल सकी है। हादसे के समय कार के एयरबैग खुलने से परिवार की जान बच गई थी।
बृहस्पतिवार को लखीमपुर खीरी-हरदोई सीमा के पास जहानीखेड़ा क्षेत्र में सड़क पार करते समय अर्टिगा कार की बाघ से टक्कर हुई थी। कार सवारों ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी थी। टक्कर के बाद बाघ के घायल होने की आशंका जताई गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने आसपास के जंगल और खेतों में तलाश शुरू की।
पहले दिन ड्रोन कैमरे की मदद से भी बाघ को खोजने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी लोकेशन नहीं मिली। शनिवार को टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया। रेंजर निर्भय प्रताप शाही ने बताया कि क्षेत्र में बाघ के पैरों के निशान मिले हैं। इससे उसकी मौजूदगी की आशंका बनी हुई है। टीम ड्रोन से निगरानी करने के साथ पैदल कांबिंग कर रही है।
-
हाथियों के झुंड ने किसानों की बढ़ाई चिंता
ममरी। मोहम्मदी रेंज के महेशपुर बीट जंगल में डेरा डाले नेपाली हाथियों का झुंड शुक्रवार रात गोला-शाहजहांपुर हाईवे पार कर भुइया देवी जंगल पहुंच गया। झुंड के आने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
रेंजर निर्भय प्रताप शाही ने बताया कि हाथियों ने नयागांव, बिहारीपुर फार्म और बिहारीपुर के कुछ किसानों के खेतों में खड़ी धान और गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचाया। हाथी माता भुइया देवी मंदिर भी पहुंचे, लेकिन वहां कोई नुकसान पहुंचाए बिना जंगल लौट गए।
बिहारीपुर फार्म के किसान इंद्रजीत सिंह, गुरिंदर सिंह आदि ने बताया कि गनीमत रही कि हाथियों ने ज्यादा नुकसान नहीं किया। रेंजर ने बताया कि वनकर्मियों की टीम हाथियों की निगरानी कर रही है। संवाद
-
घर के पास कुत्ते को उठा ले गया तेंदुआ
मझगईं। मजरा बघईया में शुक्रवार रात बिटाना देवी के घर के पास तेंदुए ने कुत्ते पर हमला कर दिया। कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर ग्रामीण बाहर निकले तो तेंदुआ कुत्ते को दबोचे था। लोगों के शोर मचाने पर वह कुत्ते को घसीटकर पास के गन्ने के खेत में ले गया।
ग्रामीणों ने करीब दो किलोमीटर दूर स्थित रेंज चौकी पर वन विभाग को सूचना दी। टीम ने मौके का निरीक्षण कर बिटाना देवी के घर के आसपास जाल लगाया। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। वन क्षेत्राधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि तेंदुए की निगरानी के लिए जाल के साथ सोलर लाइट और दो कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। संवाद