यही नोटिस की गई चस्पा। स्रोत : सोशल मीडिया
लखीमपुर खीरी। वर्ष 2021 में सीतापुर में हुए पांच करोड़ रुपये से अधिक के खाद्यान्न घोटाले के मामले में लखनऊ से सीआईडी की एक टीम बृहस्पतिवार को लखीमपुर पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस को सूचना देकर खाद्यान्न घोटाले के मुख्य आरोपी और तत्कालीन एफसीआई गोदाम प्रभारी अशोक कुमार शुक्ला के घर पर नोटिस चस्पा किया। टीम के अधिकारियों के मुताबिक, अशोक लंबे समय से फरार चल रहा है। जल्द ही आरोपी कोर्ट या विवेचक के सामने हाजिर नहीं हुआ तो उसकी संपत्ति कुर्क की जाएगी।
आरोपी अशोक कुमार शुक्ला ने सीतापुर के रामकोट क्षेत्र स्थित भारतीय खाद्य निगम गोदाम में तैनाती के दौरान सार्वजनिक वितरण प्रणाली और गरीबों के लिए आवंटित गेहूं व चावल का गबन कर उसे अवैध रूप से बाजार में बेचा था। बाजार में बेचे गए अनाज की कीमत करीब पांच करोड़ रुपये आंकी गई थी।
आरोपी अशोक कुमार शुक्ला लखीमपुर शहर कोतवाली के कीरतनगर ऑफिसर्स कॉलोनी का निवासी है। इतने बड़े खाद्यान्न घोटाले का खुलासा होने के बाद साल 2021 में सीतापुर के थाना रामकोट में गोदाम प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीआईडी को सौंप दी गई थी।
इधर, खुद पर मुकदमा दर्ज होने की बात पता चलने के बाद से आरोपी घर से फरार हो गया। सीओ सिटी विवेक तिवारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपी के आवास पर पहुंचकर नोटिस चस्पा किया गया है। अगर आरोपी जल्द कोर्ट या विवेचक के सामने हाजिर नहीं हुआ तो उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
यही नोटिस की गई चस्पा। स्रोत : सोशल मीडिया