जिला पंचायत के अध्यक्ष पद के चुनाव की समाप्ति के बाद अब प्रशासन को ब्लाक प्रमुख पद पर चुनाव के लिए आयोग की गाइड लाइन का इंतजार है। दरअसल ब्लाक प्रमुख पद का कार्यकाल फरवरी में खत्म हो रहा है और हाल में ही संपन्न हुए चुनाव मेें नए सदस्यों का निर्वाचन भी हो गया है। जिससे देखते हुए ब्लाक प्रमुख पद के लिए जल्द अधिसूचना जारी होने की उम्मीद है।
जिसमें प्रमुख पद के लिए नामांकन, नाम वापसी, मतदान का दिन और चुनाव परिणाम के तिथियों की घोषणा होनी है। वहीं दूसरी ओर ब्लाक प्रमुख चुनाव के मद्देनजर निर्वाचन कार्यालय ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। निर्वाचन आयोग ने इस बार मतदान के लिए क्षेत्र पंचायत सदस्यों को मोबाइल नंबर, वार्ड संख्सा और फोटोयुक्त मतदाता पर्ची जारी करने का निर्देश दिया था। जिसके मद्देनजर निर्वाचन कार्यालय में मतदाता पर्ची बनाने का काम शुरू कर दिया गया है।
गोला, बांकेगंज और मितौली की वोटरलिस्ट तैयार भी हो गई है। एडीएम संतोष कुमार ने बताया कि ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव की तर्ज पर फोटोयुक्त मतदाता पर्ची बनाने का मैसेज मिला था, जिसे पूरा किया जा रहा है। लेकिन अभी चुनाव कराने के संबंध में आयोग की गाइड लाइन नहीं आई है। उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर निर्वाचन कार्यालय में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।