ब्लाक प्रमुख पद के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को ब्लाक मुख्यालयों पर दिन में 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। गुरुवार को तीन बजे तक ब्लाक मुख्यालयों पर नामांकन पत्रों की बिक्री की गई। हालांकि कई जगहों पर ब्लाक प्रमुख पद के निर्विरोध निर्वाचन की उम्मीद जताई जा रही है।
ब्लाक प्रमुख पद के लिए पांच फरवरी को नामांकन, छह फरवरी को नाम वापसी और सात फरवरी को मतदान कराया जाना है। सात फरवरी को ही दोपहर तीन बजे तक मतदान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद मतगणना का कार्य शुरू होगा और देर शाम तक चुनाव परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए सभी ब्लाकों पर एआरओ की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने बताया कि चुनाव के मद्देनजर सभी अधिकारियों और प्रमुख पद के प्रत्याशियों को आचार संहिता के अनुपालन का निर्देश दिया गया है। कहीं भी गड़बड़ी संबंधी शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
--.
निरक्षर और दृष्टिबाधित सदस्यों को मिलेगा सहायक
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव की तर्ज पर ही ब्लाक प्रमुख चुनाव में भी दृष्टिबाधित और निरक्षर सदस्यों को सहायक मिलेगा। सहायक लेने के लिए सदस्यों को मतदान शुरू होने से 48 घंटा पहले आवेदन करना होगा। एडीएम एसपी सिंह ने बताया कि दृष्टिबाधिता के प्रकरण में सदस्यों को मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र देने के बाद ही वोट डालने दिया जाएगा।
सदस्य के पूर्णत: अक्षम होने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र जरूरी है। निरक्षरता के प्रकरण में सदस्य के नामांकन पत्र की जांच की जाएगी। सदस्य के सहायक के रूप में माता-पिता, भाई, बहन, पत्नी, पुत्र-पुत्री या कोई ऐसे साथी को ही स्वीकृत दी जाएगी, जिसकी उम्र 21 वर्ष पूर्ण हो।
--
सबसे ज्यादा लखीमपुर ब्लाक में हैं बीडीसी
लखीमपुर 159, नकहा 100, ईसानगर 113, धौरहरा 84, निघासन 116, पलिया 114, रमियाबेहड़ 124, मितौली 124, बेहजम 101, मोहम्मदी 116, पसगवां 137, बांकेगंज 110, बिजुआ 120, फूलबेहड़ 120, कुंभी/गोला 122।
--
1804 में 1798 सदस्य ही डाल पाएंगे वोट
जिले में क्षेत्र पंचायत के 1804 पद हैं, लेकिन इनमें छह पद रिक्त है। लखीमपुर ब्लाक के हरदासपुर में चुनाव न होने के कारण पद रिक्त है, वहीं पलिया, बांकेगंज और फूलबेहड़ में एक-एक ही प्रत्याशी के दो जगह से जीतने के कारण तीन पद रिक्त हुए हैं। इसी तरह बेहजम में चार सीटों पर दो प्रत्याशियों के चुनाव जीतने के कारण दो पद रिक्त हुआ है।
--
कैमरे की नजर में होगा मतदान और मतगणना
एडीएम एसपी सिंह ने बताया कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए ब्लाक मुख्यालयों पर मतदान और मतगणना सीसीटीवी कैमरे की नजर कराई जाएगी। इस दौरान पुलिस की पुख्ता सुरक्षा-व्यवस्था रहेगी। मतदान के लिए जाने वाले सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों और उनके सहायकों की तलाशी भी कराई जाएगी। इसके लिए सभी एआरओ को दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
--