हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
ओयल। ग्राम बाबागंज में रविवार अलसुबह करीब चार बजे गेहूं के बीज से लदा ट्रक गन्ने की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने के बाद अनियंत्रित हो गया। ट्रक ने लखीमपुर-सीतापुर फोरलेन किनारे रखे तीन लोहे के खोखे रौंद दिए और पक्की दुकान की दीवार तोड़कर जनसेवा केंद्र में जा घुसा। हादसे के समय दुकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।
ग्राम जमेंठा निवासी अमृतलाल पुत्र गयाप्रसाद ने बताया कि वह ट्रैक्टर-ट्रॉली से गन्ना लेकर हरगांव चीनी मिल जा रहे थे। बाबागंज के पास लखीमपुर से सीतापुर की ओर जा रहे ट्रक ने उनकी ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली डिवाइडर पर पलट गई। इसके बाद ट्रक ने बृजेश कुमार, तौफीक और नियामत के तीन लोहे के खोखों को रौंद दिया। फिर मिथिलेश कुमार की पक्की दुकान की दीवार तोड़कर अंदर घुस गया। दुकान में ग्राम टौड़ाकपुर निवासी सुमित जनसेवा केंद्र संचालित करता है। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली, खोखे, दुकान और उसमें रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
पीलीभीत निवासी ट्रक चालक राजीव ने बताया कि वह पीलीभीत से गेहूं का बीज लेकर सिधौली जा रहा था। बाबागंज के पास घना कोहरा होने से दृश्यता कम थी। उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी ट्रैक्टर चालक ने अचानक वाहन बाईं ओर मोड़ दिया। इससे ट्रक अनियंत्रित हो गया। सीओ महक शर्मा ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।