किसानों को जानकारी देते गन्ना अधिकारी।
बांकेगंज। गन्ना किसानों के सट्टा की खामियां गांव में ही दूर कराई जाएंगी। इसके लिए गन्ना विभाग ने ग्राम स्तरीय सर्वेक्षण, सट्टा प्रदर्शन के अलावा किसानों से आपत्तियां प्राप्त किए जाने का कार्यक्रम शुरू किया है।
गन्ना विकास समिति गोला के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक (एससीडीआई ) ने बांकेगंज, पहाड़पुर और भवानीगंज क्षेत्र में सट्टा प्रदर्शन के दौरान किसानों से जानकारी ली। कहा कि वह अपने सट्टा का मिलान कर लें, जहां पर गड़बड़ी हो दूर करा लें। पेराई सत्र के दौरान गन्ना पर्ची में गड़बड़ी और कम क्षेत्रफल की समस्याओं को दूर करने के लिए गन्ना विभाग ने ग्राम स्तरीय सर्वेक्षण, सट्टा प्रदर्शन व आपत्तियां प्राप्त करने का कार्यक्रम शुरू किया है।
एससीडीआई आशुतोष मधुकर ने बताया कि यह कार्यक्रम 30 अगस्त तक चलाया जाएगा। इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। समिति क्षेत्र के बांकेगंज, पहाड़पुर, जटपुरा, नौवाखेड़ा, बैदा, जलालपुर समेत सभी गांवों में प्रदर्शन व आपत्तियां प्राप्त कर सट्टा दुरुस्त किए जाने का कैलेंडर जारी किया गया है।
बताया कि कार्यक्रम में खेतवार गन्ना सर्वेक्षण, प्रजातिवार गन्ना क्षेत्रफल, किसानवार बेसिक कोटा और सट्टा का प्रदर्शन कराया जा रहा है। किसानों से सट्टा प्रदर्शन में जानकारी ली गई है और उन्हें जानकारी भी दी गई है कि सट्टा में कोई खामी हो तो उसे दुरुस्त कराने के लिए गांव में ही अभिलेखों के साथ आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि उसे ठीक कराया जा सके।