निघासन। निघासन तहसील क्षेत्र के चचरा गांव में शनिवार दोपहर अचानक आग लग गई। तेज हवा के चलते कुछ ही देर में पांच घर जलकर राख हो गए। गृहस्थी का सामान के साथ दो बकरियां भी जिंदा जल गईं। तहसीलदार ने मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया।
चचरा गांव के बाहर तालाब के पास बने शत्रोहन के घर में शनिवार दोपहर अचानक आग लग गई। हवा के चलते आग पड़ोसी पवन, सियाराम, भारत और सदाराम के घरों तक पहुंच गई। किसी तरह से लोग अपनी जान बचाते हुए भागे। लोग घरों से सामान निकालने की कोशिश कर रहे थे, तभी जल रहे घर में सिलिंडर में विस्फोट हो गया।
थोड़ी देर बाद एक और सिलिंडर फटा और उसके टुकड़े दूर तक बिखर गए। अग्निकांड में दो बकरी, इंजन, साइकिल, सिलाई मशीन जेवर, गल्ला और घर गृहस्थी का सारा सामान जल गया। दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आग पांचों घरों को जला चुकी थी। तहसीलदार भीमचंद ने मौके पर जाकर जायजा लिया और लेखपाल महेश वर्मा, ग्राम प्रधान सद्दाम हुसैन को जरूरी दिशा निर्देश दिए।