स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में हुआ खुलासा, अधिकारी शत प्रतिशत टीकाकरण का कर रहे दावा
बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए होने वाले टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उदासीन है, जिससे इस काम में लगे कर्मचारी भी लापरवाही बरत रहे हैं। मामले का खुलासा स्वास्थ्य विभाग की एक रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार बेहजम, मितौली, नकहा, निघासन और रमियाबेहड़ ब्लॉक टीकाकरण में पिछले वर्ष से काफी पिछड़ गए हैं। वहीं विभागीय अधिकारी शत प्रतिशत टीकाकरण कराने का दावा कर रहे हैं।
जिले के स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बेहजम ब्लॉक में पिछले साल 90 प्रतिशत बच्चों का टीकारण हुआ था, जो इस बार मात्र 81 प्रतिशत रह गया। इसी क्रम में मितौली ब्लॉक में 72 के बजाय 71, नकहा ब्लॉक में 87 के बजाय 82, निघासन ब्लॉक में 74 के बजाय 69 और रमियाबेहड़ में 53 की जगह 52 प्रतिशत रहा है। जबकि बांकेगंज, लखीमपुर, ईसानगर, कुंभी, पसगंवा ब्लॉक में टीकाकरण पिछले साल से काफी बेहतर रहा है। हालांकि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि टीकाकरण की लगातार मॉनीटरिंग कराई जाती है और समय- समय पर समीक्षा भी की जाती है, जिससे सभी बच्चों का टीकाकरण हो सके।
गत वर्ष की तुलना में इस साल टीकाकरण में कुछ ब्लॉक पीछे हैं, सभी बच्चों का शत प्रतिशत टीकाकरण कराया जाएगा, इसके लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई गई है।
डॉ. बलबीर सिंह, एसीएमओा एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी