लखीमपुर खीरी। लखनऊ यूनिवर्सिटी से जुड़े हुए जिले के समस्त महाविद्यालय में छह जनवरी से प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं संपन्न होंगी। इसको लेकर कॉलेज प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कॉलेज में प्रवेश से लेकर परीक्षा नकलविहीन हो इसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।
शहर के युवराज दत्त महाविद्यालय में करीब दो हजार से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल होंगे। जानकारी देते हुए कॉलेज के प्राचार्य डाॅ. हेमंत पाल ने बताया कि परीक्षाओं को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। परीक्षा में बैठने वाले परीक्षार्थियों के प्रवेश से पहले उनकी गहन चेकिंग होगी। ताकि परीक्षा पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जा सके। इसमें बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमकाम के परीक्षार्थी शामिल होंगे। कहा कि परीक्षा के दौरान कोई भी छात्र प्रतिबंधित सामग्री नहीं लाएगा। अगर ऐसा करता कोई भी पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
चेकिंग के लिए टीम गठित, सीसीटीवी की रहेगी निगरानी
जिले के समस्त कॉलेजों में छह जनवरी से प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं संपन्न होंगी। इसको लेकर कॉलेजों के नोडल व वाईडीसी के प्राचार्य डॉ. हेमंत पाल ने कॉलेजों में नकलचियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित की गई हैं। इसके साथ ही निगरानी के लिए सीसीटीवी की भी मदद ली जाएगी। परीक्षा के दौरान टीम किसी भी कक्ष में जाकर चेकिंग कर सकेंगी।