चौरी में लगी आग में जलती पशुशाला। स्रोत : सोशल मीडिया
पलियाकलां। खालेपुरवा के मजरा चौरी में शुक्रवार रात अचानक लगी आग से तीन पशुशालाएं चपेट में आ गईं। हादसे में तीन मवेशी बुरी तरह झुलस गए।
चौरी निवासी राजेश, सुमित कुमार और धर्मेश कुमार की पशुशालाएं आसपास स्थित हैं। देर रात आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। लपटें उठती देख ग्रामीण शोर मचाते हुए मौके पर पहुंचे और जान जोखिम में डालकर मवेशियों की रस्सियां काटकर उन्हें बाहर निकाला।
गांव में एक मुंडन संस्कार के दौरान आतिशबाजी हो रही थी। आशंका जताई जा रही है कि पटाखों की चिंगारी छप्पर पर गिरने से आग लगी। जब तक पुलिस पहुंची, ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पा लिया था।
शनिवार सुबह लेखपाल दिनेश कुमार और कानूनगो संजय भारती ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया और झुलसे मवेशियों का मुआयना किया।