लखीमपुर खीरी में पुलिस का अजब कारनामा सामने आया है। खीरी थाना पुलिस ने सोंठपुर गांव के निवासी चार वर्षीय मासूम बालक को मारपीट के मामले में आरोपी बना दिया। सोमवार को पीड़ित परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर खीरी पुलिस पर आरोप लगाए।
पत्नी और बच्चों सहित एसपी दफ्तर पहुंचे सोंठपुर निवासी कृष्णपाल ने बताया कि 18 जून को गांव के ही शिवराम, सुरेंद्र, नरेंद्र आदि से बकरी चराने को लेकर विवाद हुआ था। उसने दूसरे पक्ष के लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस पर आरोपियों से सांठगांठ का आरोप
आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने थाना पुलिस से सांठ-गांठ कर कृष्णपाल, उसकी पत्नी विनीता, 16 वर्षीय बेटी, कृष्णपाल के 12 वर्षीय बेटे व चार साल के पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। कृष्णपाल ने खुद को बेकसूर बताया।
ये भी पढ़ें- मामा बना दरिंदा: आठ साल के भांजे से कुकर्म की कोशिश, नाकाम होने पर मार डाला; नाड़े से घोंटा था गला
खीरी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि मारपीट मामले में दोनों पक्षों पर केस दर्ज किया गया है। उम्र का पता न होने से दोनों पक्ष के मुकदमे में नाबालिगों के नाम शामिल हैं। एक पक्ष एसपी के पास पहुंचा है। विवेचना में सभी के नाम हटा दिए गए हैं।