खमरिया। थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत ऐरा में नदी पार खेत की पैमाइश के लिए जा रहे एक युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। युवक का पैर खींचकर मगरमच्छ पानी के अंदर की ओर ले जाने लगा, लेकिन साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे मगरमच्छ युवक को छोड़कर पानी में चला गया। मगरमच्छ के हमले से जहां युवक के शरीर पर कई घाव हो गए, वहीं डूबने से उसकी मौत हो गई।
ग्राम सभा ऐरा के मजरा बिठौली निवासी किसान सरजीत गौतम (35) पुत्र पृथ्वी पाल का खेत शारदा नदी के उस पार है। सोमवार की दोपहर वह अन्य ग्रामीणों के साथ अपने खेत की पैमाइश कराने के लिए शारदा नदी पार कर रहे थे। इसमें से कुछ लोग आगे निकल गए, जबकि कुछ उसके साथ ही चल रहे थे। चार से पांच फीट गहरे पानी के बीच हलचल देख ग्रामीण रुक गए। इतने में पानी में मौजूद मगरमच्छ ने सरजीत का पैर पकड़ लिया और खींचकर गहरे पानी की ओर ले जाने लगा।
इससे उसके पैर में कई जगह घाव हो गए। बताया गया कि सरजीत के साथ रामकुमार यादव, जगत मिस्त्री, हरचरण आदि लोग थे। इनमें से कुछ लोग पहले नदी पार कर चुके थे। इस बीच ग्रामीण चिल्लाने लगे। गांव के अन्य लोग भी दौड़े। शोर मचाते हुए सभी ने पानी में सरजीत की खोज की तो उसे छोड़कर मगरमच्छ भाग गया। ग्रामीणों की मदद से गहरे पानी में डूबे सरजीत को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
18 दिन पहले ही हुआ था जुड़वा बेटियों का जन्म
मगरमच्छ के हमले में जान गंवाने वाले सुरजीत अपने पीछे पत्नी सुनीता देवी (36) और छह बच्चों को छोड़ गए हैं। बड़ी लड़की शिवानी की उम्र 15 वर्ष है। दूसरे बेटे विजेंद्र की उम्र 13 वर्ष है। तीसरी बेटी रूपा देवी व 5 वर्ष का एक बच्चा विजय कुमार है। जबकि 18 दिन पूर्व दो लड़कियों का जन्म हुआ है। प्रधान ने थाना खमरिया के प्रभारी अजय कुमार राय को सूचना दी गई। थाना प्रभारी अजय राय दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घर के बाहर खड़े मृतक के परिजन
घर के बाहर खड़े मृतक के परिजन