लखीमपुर खीरी। 24 फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होनी हैं। ऐसे में विभाग अब तैयारियों को अंतिम रूप में देने में जुटा है। शिक्षकों की ड्यूटी लगाने के साथ ही कंट्रोल रूम में स्थापना का कार्य तेजी के साथ किया जा रहा है। साथ ही सैकड़ों शिक्षकों को रिजर्व में रखा गया है, ताकि परीक्षा के दौैरान किसी तरह की कोई दिक्कत न हो।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 94406 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनके लिए 136 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल के 49,837 और इंटरमीडिएट के 44,569 के परीक्षार्थी शामिल होंगे।
डीआईओएस डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षाएं शांतिपूर्वक और नकलविहीन संपन्न हों, इसके लिए तैैयारियां की जा रही हैं। कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने से लेकर जिले के कितने सेक्टर और जोन में विभाजित किया जाएगा। इसको लेकर अब अंतिम दौर चल रहा है। मॉनिटरिंग सेल से परीक्षा के दौरान कक्षाओं पर नजर रखी जाएगी।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने बताया कि इस बार करीब 43 सौ शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जा रही है, जिसमें कुछ को रिजर्व में भी रखा जाएगा। रिजर्व शिक्षकों को आपातकाल स्थित उत्पन्न होने के दौरान केंद्र पर भेजा जाएगा। इसके अलावा सात जोनल मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती की जाएगी।
कंट्रोल रूम से लिंक कराए जा रहे कैमरे
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बनाए जाने वाले कंट्रोल रूम में बड़ी-बड़ी एलईडी लगाकर केंद्रों की निगरानी की जानी है। इसको लेकर केंद्र संचालकों से कैमरों की लॉगिन आईडी मांगी जा रही है। लॉगिन आईडी के माध्यम से कैमरों को लिंक किया जाएगा। इसके बाद 24 घंटे कक्षों और स्ट्रांग रूम की निगरानी की जाएगी।
दो सौ मीटर तक काम करेगा एप
नौ फरवरी से यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं संपन्न होनी हैं। परीक्षाएं 16 तक चलेंगी। 192 केंद्रों पर परीक्षाएं होंगी। परीक्षक मनमानी न कर सकें, इसके लिए कई तरह के बदलाव किए गए हैं। परीक्षक को मौके से ही परीक्षार्थियों को नंबर देकर तुरंत पोर्टल पर अपलोड करना होगा। यह एप केंद्र से दौ सौ मीटर की दूरी तक ही संचालित होगा। दूरी बढ़ने पर एप काम करना बंद कर देगा।