लखीमपुर खीरी। लखनऊ विश्वविद्यालय ने दिसंबर 2026 की परीक्षाओं के ऑनलाइन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 23 अक्तूबर तक बढ़ा दी है। स्नातक, परास्नातक और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को फॉर्म भरने का अतिरिक्त समय दिया गया है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद समयसीमा नहीं बढ़ाई जाएगी।
इसमें पांचवें और नौवें सेमेस्टर के नियमित, बैक पेपर और इम्प्रूवमेंट परीक्षार्थियों के साथ तृतीय सेमेस्टर के इम्प्रूवमेंट के विद्यार्थी शामिल हैं। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.lkouniv.ac.in पर ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं।
कॉलेजों के नोडल प्राचार्य डॉ. हेमंत पाल ने बताया कि नियमित विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म के साथ अलग से कोई शुल्क जमा नहीं करना होगा। उन्हें ऑनलाइन भरे गए फॉर्म का प्रिंट और सेमेस्टर शुल्क की रसीद संबंधित विभागाध्यक्ष या संकायाध्यक्ष कार्यालय में जमा करनी होगी। विभागाध्यक्ष और संकायाध्यक्ष कार्यालयों को नियमित विद्यार्थियों के फॉर्म ऑनलाइन अग्रसारित कर सूची 26 अक्तूबर तक विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में जमा करनी होगी।
बैक पेपर, इम्प्रूवमेंट और इनकम्प्लीट श्रेणी के विद्यार्थियों को ऑनलाइन फॉर्म भरने के साथ निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा करना होगा। इसके बाद फॉर्म संबंधित विभागाध्यक्ष या संकायाध्यक्ष कार्यालय में जमा करना होगा।
ऑनलाइन फॉर्म भरने में किसी प्रकार की त्रुटि या समस्या होने पर विद्यार्थी हेल्पलाइन नंबर 7897999211, 7897992064, व्हाट्सएप नंबर 7897992062 और लैंडलाइन नंबर 0522-4150500 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा lu.supportotpl.co.in पर ईमेल भी कर सकते हैं।