ममरी। हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम अजान स्थित कुमार क्लीनिक पर इलाज के दौरान हुई महिला की मौत के मामले में मृतका के बेटे ने चिकित्सक और कंपाउंडर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस को दी गई तहरीर में प्रेमचंद ने बताया कि 31 मई को उसकी 55 वर्षीय मां माया देवी की अचानक
तबीयत
खराब होने पर उन्हें इलाज के लिए कुमार क्लीनिक ले जाया गया। आरोप लगाया कि वहां चिकित्सक डॉ. ठाकुर प्रसाद और कंपाउंडर ने उन्हें गलत इंजेक्शन लगा दिया। जिससे उनकी मृत्यु हो गई। शव का पोस्टमाॅर्टम होने के बाद डॉक्टर और कंपाउंडर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की जिद पर अड़े परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया।
थाना प्रभारी प्रवीर गौतम ने बताया कि प्रेमचंद की तहरीर पर चिकित्सक और कंपाउंडर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसके बाद परिजनों ने मृतका के शव का दाह संस्कार कर दिया है।