लखीमपुर खीरी। मौसम में हो रहे बदलाव के कारण बच्चे उल्टी, दस्त और बुखार की चपेट में आने लगे हैं। पिछले तीन दिनों में सात बच्चे जिला अस्पताल के चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती कराए गए, जिनमें दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि एक की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ भेज दिया गया।
मौसम में बदलाव के साथ ही उल्टी, दस्त और बुखार की चपेट में बच्चे आने लगे हैं। इसी के चलते जिला अस्पताल के चिल्ड्रन वार्ड में बुखार पीड़ित फूलबेहड़ के अग्गरखुर्द निवासी शमसुल खान की नौ साल की पुत्री इकरा बानो और छोटकन्ने की आठ साल की पुत्री अंजलि, धौरहरा निवासी हरिनरायन की चार साल की पुत्री रिया, ईसानगर निवासी अमित कुमार की नौ साल की पुत्री सविता, पलिया निवासी शिव कुमार की छह साल की पुत्री अंशिका, निघासन के लखाही निवासी मोबीन अहमद की 12 माह की पुत्री अबुहरैरा और सदर तहसील के गांव त्रिकोलिया निवासी रोशन लाल की ढाई साल की पुत्री अनुप्रिया के अलावा उल्टी दस्त शुरू होने पर निघासन निवासी विजेंद्र के चार साल के पुत्र करन को भर्ती किया गया। इलाज के दौरान आठ वर्षीय अंजलि और चार वर्षीय रिया की मौत हो गई। जबकि हालत में सुधार न होने पर इकरा बानो को मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
.....
बुखार और डायरिया से ऐसे करें बचाव
जिला महिला अस्पताल के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आईबी त्रिपाठी का कहना है कि मौसम में बदलाव से दिन में गर्मी और रात में सर्दी हो रही है। ऐसे में बच्चों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत हैं। छह माह तक बच्चे को सिर्फ स्तनपान कराएं। इससे अधिक उम्र के बच्चों को मौसमी फलों का जूस दें। बच्चों की साफ सफाई पर ध्यान दें। मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें। उल्टी दस्त व बुखार आने पर बिना देर किए अस्पताल आकर दिखाएं।
----
पिछली तीन दिन में उल्टी-दस्त और बुखार के कारण सात बच्चों को भर्ती कराया गया है। जिसमें पिछले दो दिन में दो बच्चों की मौत हो गई। पांच बच्चों का इलाज किया जा रहा है।
-डॉ.आरसी अग्रवाल, सीएमएस