लखीमपुर खीरी। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और एसपी पूनम ने विभिन्न ट्रेडों के व्यापारियों के साथ बुधवार को बैठक की, जिसमें जनपद के ऑरेंज से ग्रीन जोन में परिवर्तित होने पर प्रदान की जाने वाली छूट पर चर्चा की गई। बाजार खोलने, निकट पार्किंग बनाने, विशेष मार्गों को नो व्हीकल जोन बनाने, संकरी गलियों में दुकानदारों को छूट न दिए जाने पर भी विचार विमर्श किया गया।
कलक्ट्रेट सभागार में डीएम ने इंडो-नेपाल बॉर्डर को सील रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि घर से बाहर निकलते वक्त मास्क का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। उन्होंने सभी से आरोग्य एप डाउनलोड करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि आरोग्य सेतु एप कोरोना महामारी से लड़ने के लिए शत-प्रतिशत सुरक्षित और महत्वपूर्ण है। इससे कोई भी कोरोना संक्रमित व्यक्ति जाने-अनजाने आपके संपर्क में आएगा तो उसके बारे में तुरंत पता चल जाएगा। डीएम ने पांच अधिकारियों की एक टीम भी गठित की, जो बाजार को खोलने के लिए सुझावों को संग्रहित करके पर्याप्त मंथन के बाद अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंपेगी। एसीएमओ डॉ आरपी दीक्षित ने कई जनपदों में कोरोना के बढ़ते प्रसार के चलते और अधिक सावधानी बरतने के साथ सामाजिक दूरी और दिन में कई बार हैंडवाश करने सहित सैनिटाइजर के इस्तेमाल पर जोर दिया। एसपी पूनम ने कहा कि अक्सर युवा साइलेंसरों में परिवर्तन कराकर विभिन्न प्रकार की तेज आवाज निकालते हैं, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा है। ऐसे लोगों को चिह्नित कर प्रभावी कार्रवाई कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि तेज आवाज वाली किट लगाने वाले मैकेनिकों पर भी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एडीएम अरुण कुमार सिंह, एएसपी शैलेंद्र लाल, एसडीएम सदर अरुण कुमार सिंह, एसडीएम डॉ अमरेश, सीओ सिटी विजय आनंद, अभिहित अधिकारी कौशलेंद्र शर्मा समेत व्यापारी मौजूद रहे।
व्यापारियों की मांग
दुकानें खोलने का समय बढ़े: दुकानों को खोलने की समय सीमा बढ़ाई जाए, जिससे सामाजिक दूरी का पालन कराने में आसानी हो। लोग आराम से खरीदारी कर सकेंगे।
-राजू अग्रवाल, व्यापारी
आर्थिक पैकेज मिले: लंबे लॉकडाउन के चलते मध्यमवर्गीय और छोटे व्यापारियों को काफी नुकसान हुआ है। इसलिए दुकानों को खोलने की छूट के साथ ही आर्थिक पैकेज दिया जाए।
-उमेश शुक्ला, व्यापारी नेता
टैक्स से राहत मिले: जिला प्रशासन ने टीम बनाई है, जो व्यापारियों के सुझाव पर रिपोर्ट तैयार करेगी। व्यापारियों की कई मांग हैं। व्यापारियों को जीएसटी सहित बैंको का लोन अदा करने में टैक्स से राहत दी जाए।
-संजय गुप्ता ‘कन्हैया’, व्यापारी