पसगवां। किसानों को नियम विरुद्ध उर्वरक वितरित करने के मामले में एक फर्म पर रिपोर्ट कराई गई है। ग्राम भौनापुर में शिकायत के बाद पकड़ी गई पिकअप की जांच से यह खुलासा हुआ है।
जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप ए सत्यवीर सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि ग्राम भौनापुर में उर्वरक भरी पिकअप पकड़ी गई। वाहन में 34 बोरी उर्वरक फेरस सल्फेट मैन्युफैक्चरिंग कंपनी भारत केमिकल प्रतापपुर मेरठ की थी।
चालक रामवीर ने टैक्स इनवाॅइस सहित अन्य दस्तावेज दिखाए। उवर्रक श्रीराम फेरस सल्फेट परसा खेड़ा बरेली से लाया गया था। सप्लायर गोडाउन का पता मेसर्स डीसीएम श्रीराम लिमिटेड केअर आफ शिवम वेयर हाउस बी 2 रामपुर मार्ग वेयर हाउस बरेली और कंसाइनी पता सुनील मेसर्स उन्नति फर्म सेंटर हरियावा गेट जिला हरदोई अंकित पाया गया, जबकि पिकअप भौनापुर में पाई गई।
बिल पर तीन हजार किलो का उल्लेख है। रिपोर्ट के अनुसार, पिकअप में पाए गए उर्वरकों का नमूना संग्रहित कर उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सीज कर बरवर चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। जांच में मेसर्स उन्नति फार्म सेंटर यूनिट ऑफ अक्षमाला सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड हरदोई ने जिला खीरी के ग्राम भौनापुर में किसानों को अवैध रूप से उर्वरक वितरित की। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई गई ।