शाहजहांपुर-सीतापुर रेलवे लाइन पर रविवार की रात सीतापुर की तरफ से आ रही मोरध्वज सुपरफास्ट एक्सप्रेस पर पेड़ काटकर डाल दिया। चालक ने किसी तरह इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। इसके बावजूद ट्रेन का कैटल गार्ड क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पुलिस सहित तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बाद में मालगाड़ी का इंजन जोड़कर ट्रेन को रवाना किया जा सका।
मैगलगंज रेलवे स्टेशन से दो किलोमीटर दूर महोली की तरफ खखरा मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार की रात लगभग 9.15 बजे कुछ लोगों ने यूकेलप्टिस का पेड़ काट दिया। पेड़ ट्रैक के ऊपर से गुजरी बिजली की लाइन और पोल से टकराकर सीतापुर की तरफ से आ रही 12491 अप मोरध्वज सुपर फास्ट एक्सप्रेस के इंजन पर गिर गया। पेड़ गिरने से इंजन के आगे सुरक्षा के लिए लगा कैटल गार्ड टूटकर पटरियों में रगड़ने लगा। ट्रेन चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। चालक ने वायरलेस से घटना की सूचना मैगलगंज स्टेशन मास्टर जीशान सिद्दीकी को दी। स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल रूम और अन्य उच्च अधिकारियों को बताया। लगभग 1.35 घंटे के बाद ट्रेन को धीरे-धीरे मैगलगंज स्टेशन तक लाया गया। यहां मालगाड़ी का इंजन जोड़कर ट्रेन को रवाना किया गया। इस संबंध में एसओ रामअवतार यादव ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।