लखीमपुर खीरी। फूलबेहड़ में संचालित पीसीयू (प्रादेशिक कोआपरेटिव यूनियन) के दो क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद मेें गड़बड़ी पाई गई है। इन क्रय केंद्रों पर किसानों से कम गेहूं खरीदा, लेकिन एफसीआई गोदाम में ज्यादा मात्रा में गेहूं भिजवा दिया। क्षेत्रीय विपणन अधिकारी प्रमोद गुप्ता ने जांच में मामला पकड़ा, तो उन्होंने दोनों क्रय केंद्रों के प्रभारियों के खिलाफ फूलबेहड़ थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
पीसीयू के क्रय केंद्र फूलबेहड़ पर 1862 क्विंटल गेहूं की खरीद मिली, जबकि एफसीआई के गोदाम में 2770 क्विंटल गेहूं भेज दिया गया। जबकि गेहूं खरीद में पारदर्शिता लाने के लिए सरकार ने ऑनलाइन खरीद की व्यवस्था कर रखी है, लेकिन केंद्र प्रभारी ज्ञान प्रकाश गुप्ता ने व्यवस्थाओं को धता बता दिया। इसी एजेंसी के क्रय केंद्र फूलबेहड़ एट करसौर पर भी खरीद कम पाई गई, लेकिन एफसीआई गोदाम में डिलीवरी ज्यादा भेजी जा रही थी। यहां पर केंद्र प्रभारी मोहम्मद नासिर ने 1018 क्विंटल गेहूं खरीदा और गोदाम में 1150 क्विंटल गेहूं भेज दिया। क्षेत्रीय विपणन अधिकारी प्रमोद गुप्ता ने 22 अप्रैल को निरीक्षण में यह घपला पकड़ा। इस मामले की रिपोर्ट जिला खाद्य विपणन अधिकारी लालमणि पांडेय को दी गई, जिसके बाद जिला खाद्य विपणन अधिकारी के निर्देश पर दोनों क्रय केंद्र प्रभारियों के खिलाफ फूलबेहड़ थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि गेहूं खरीद में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।