बांकेगंज में बिजली लाइन ठीक करता कर्मी।- स्त्रोत- विभाग।
लखीमपुर खीरी। रविवार को तेज हवा के चलते शहर और आसपास के इलाकों में कई बार बिजली गुल होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिन भर अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली बार-बार जाती रही, जिससे लोगों के कामकाज प्रभावित रहे।
बिजली कटौती का असर सबसे ज्यादा बाजार में देखने को मिला। कई दुकानों में बिजली से चलने वाले उपकरण बंद हो गए, जिससे कारोबार प्रभावित हुआ। शहर के व्यापारी संजय ने बताया कि उनकी आटा चक्की बिजली पर निर्भर है। बिजली जाते ही चक्की बंद हो जाती है और ग्राहकों को इंतजार करना पड़ता है।
व्यापारी मुकेश ने बताया कि उनका तेल एक्सपेलर भी बिजली से चलता है। बार-बार बिजली गुल होने से काम प्रभावित हो जाता है और नुकसान उठाना पड़ता है। उपभोक्ताओं का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली कटौती भी शुरू हो गई है।
लोगों का कहना है कि रविवार को कई बार आधे-आधे घंटे तक बिजली बंद रही। इससे घरों में भी परेशानी हुई। गर्मी के कारण लोग दिनभर बिजली आने का इंतजार करते रहे।
इस संबंध में विद्युत विभाग के एक्सईएन शैलेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार को तेज हवाएं चलने के कारण कुछ स्थानों पर फॉल्ट आ गए थे। फॉल्ट ठीक करने के लिए संबंधित क्षेत्रों में 10 से 15 मिनट के लिए बिजली बंद करनी पड़ी।
-
-बांकेगंज में बिजली के तार टूटे-
बांकेगंज। आंधी के कारण 33 केवीए मेन लाइन के पास खड़े पेड़ों पर बिजली के तार टूटकर गिर गए, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बारिश रुकने के बाद विद्युत कर्मियों ने पेट्रोलिंग कर फाल्ट ठीक करने का काम शुरू किया। संवाद