गोला गोकर्णनाथ। बजाज चीनी मिल के तौल गेट पर संयुक्त किसान मोर्चा का 10 दिन से संपूर्ण बकाया भुगतान की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन जारी है। जिले के आला अधिकारियों के आश्वासन को दरकिनार कर किसान अपनी मांग पर अडिग हैं। किसानों को संपूर्ण बकाया भुगतान के अलावा कुछ भी गवारा नहीं है।
रविवार को संयुक्त किसान मोर्चा के धरना प्रदर्शन स्थल पर किसान नेता श्री कृष्ण वर्मा, रामनिवास वर्मा, अमनदीप सिंह संधू, अंजनी दीक्षित आदि ने कहा कि शासन प्रशासन की बजाज चीनी मिल से मिलीभगत होने से किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहीं हो पा रहा है। किसान नेताओं ने एक राय होकर निर्णय लिया कि यदि सोमवार शाम तक बकाया गन्ना का भुगतान नहीं किया गया तो मंगलवार की सुबह 10:00 बजे गन्ना किसान ट्रैक्टर ट्रॉलियों से लखनऊ विधानसभा के लिए कूच करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने चीनी मिल यार्ड में 10 दिन से ट्रॉली में लेकर खड़े गन्ना किसानों को फूल माला पहनाकर सम्मानित किया। कहा कि यह आंदोलन नहीं गन्ना किसानों के हक का संघर्ष।
क्रमिक अनशन भी जारी
धरना प्रदर्शन स्थल पर किसानों का क्रमिक अनशन भी जारी है। रविवार को पांच गन्ना किसान रामनिवास शुक्ल, शिवपाल वर्मा, समीर खान, राजाराम पाल, सरदार मैहलसिंह अन्न जल त्याग कर अनशन पर रहे।
दिव्यांग संगठन ने भी दिया समर्थन
रविवार को गन्ना किसानों के समर्थन में दिव्यांग संगठन के तहसील अध्यक्ष विजय पाल गौतम की अगुआई में विकास कुमार, दिगपाल, संजेश कुमार, विनोद कुमार दीक्षित, राहुल कुमार, इस्लामुद्दीन आदि दिव्यांग जनों ने ट्राइसिकल रैली निकाली।
जाज चीनी मिल बंद किसानों ने गाड़ दिए तंबू
बजाज चीनी मिल जोकि एक दिन में 130000 क्विंटल गन्ना पेराई करती है। 10 दिन से बंद पड़ी है। एक ओर संयुक्त किसान मोर्चा तंबू गाड़ कर 3 दिसंबर से धरना प्रदर्शन कर रहा है। वहीं दूसरी ओर चीनी मिल के मेन गेट पर भारतीय किसान यूनियन अंबावत गुट के महादेव प्रसाद वर्मा ने शनिवार से तंबू लगाकर मिल चालू कराने की मांग कर रहे हैं।